साउथ अफ्रीका के इस नए ओपनर ने डेब्यू वनडे में 150 रन बनाकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
नामीबिया के खिलाफ शानदार पारी खेलकर हरमन ने ब्रीट्जके के खास रिकॉर्ड की बराबरी की
अद्यतन - सितम्बर 9, 2026 6:53 अपराह्न

दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज जॉर्डन हरमन ने अपने वनडे डेब्यू को यादगार बना दिया। नामीबिया के खिलाफ विंडहोक में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में हरमन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 126 गेंदों पर 150 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी के साथ ही उन्होंने वनडे क्रिकेट के इतिहास में एक खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
24 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज हरमन अब वनडे डेब्यू में 150 रन बनाने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं। इससे पहले यह कारनामा दक्षिण अफ्रीका के ही मैथ्यू ब्रीट्जके ने किया था।
ब्रीट्जके के रिकॉर्ड की बराबरी
मैथ्यू ब्रीट्जके ने फरवरी 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने वनडे डेब्यू पर 148 गेंदों में 150 रन बनाए थे। अब हरमन ने 126 गेंदों में 150 रन बनाकर उनके रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। खास बात यह है कि वनडे डेब्यू पर 150 रन बनाने वाले दोनों बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के हैं।
हरमन के पास इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने का मौका भी था। अगर वह एक रन और बना लेते और 151 तक पहुंच जाते, तो वह डेब्यू वनडे में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन जाते। हालांकि, रुबेन ट्रम्पेलमैन ने 42वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्हें आउट कर दिया। हरमन ने अपनी पारी में 17 चौके और 3 छक्के लगाए।
उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए टोनी डी जोरजी के साथ दूसरे विकेट के लिए 166 गेंदों में 190 रन की शानदार साझेदारी की। डी जोरजी ने 84 गेंदों पर 72 रन बनाए। इसके बाद हरमन ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ तीसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 59 रन जोड़े।
डेब्यू में सबसे बड़ी पारियां
हरमन की 150 रन की पारी ने उन्हें डेब्यू वनडे की सबसे बड़ी पारियों की सूची में शीर्ष पर पहुंचा दिया है। उनके साथ अब ब्रीट्जके भी 150 रन के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।
वेस्टइंडीज के दिग्गज डेसमंड हेंस 148 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। हरमन की इस पारी ने न केवल दक्षिण अफ्रीका को मजबूत शुरुआत दी, बल्कि उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत भी बेहद शानदार अंदाज में हुई।
ये भी पढ़ें – ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ सीरीज के लिए इंडिया ‘ए’ की टीम घोषित, हार्दिक पांड्या की वापसी; गायकवाड़ और पडिक्कल बने कप्तान