WI vs PAK: 11 ओवर, 27 रन, 5 विकेट और लगातार 5 विकेट-मेडन! पाकिस्तान के खिलाफ जस्टिन ग्रीव्स का खौफनाक स्पेल
ऐसा कारनामा इससे पहले किसी भी गेंदबाज ने नहीं किया था।
अद्यतन - जुलाई 28, 2026 2:25 अपराह्न

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में ऐसी गेंदबाजी की, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। तारूबा स्थित ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में खेले जा रहे मुकाबले में ग्रीव्स ने लगातार पांच मेडन ओवरों में पांच विकेट लेकर टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में नया रिकॉर्ड बना दिया। ऐसा कारनामा इससे पहले किसी भी गेंदबाज ने नहीं किया था।
32 वर्षीय दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ग्रीव्स ने 11 ओवर में सिर्फ 27 रन देकर पांच विकेट झटके। यह उनके टेस्ट करियर का पहला पांच विकेट हॉल भी रहा। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने सभी पांच विकेट लगातार पांच ऐसे ओवरों में लिए, जिनमें उन्होंने एक भी रन नहीं दिया। उनकी इस शानदार गेंदबाजी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया और वेस्टइंडीज को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
ग्रीव्स ने इस प्रदर्शन के साथ इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। ब्रॉड ने साल 2016 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार चार विकेट मेडन ओवर फेंके थे, लेकिन ग्रीव्स ने पांच लगातार विकेट मेडन ओवर डालकर नया इतिहास रच दिया।
पाकिस्तान की मजबूत शुरुआत हुई बेकार
एक समय पाकिस्तान की टीम 244 रन पर सिर्फ तीन विकेट खोकर मजबूत स्थिति में थी। कप्तान शान मसूद शानदार शतक लगाकर बड़ी पारी की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन इसके बाद ग्रीव्स ने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
उन्होंने पहले शान मसूद का बड़ा विकेट लिया और फिर आमेर जमाल, अली उस्मान और मोहम्मद रिजवान समेत निचले क्रम के बल्लेबाजों को भी पवेलियन भेज दिया। देखते ही देखते पाकिस्तान की पूरी टीम 282 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान की पारी समाप्त होने के बाद वेस्टइंडीज को पहली पारी में 29 रन की अहम बढ़त मिली। मैच अभी बाकी है, लेकिन ग्रीव्स की यह यादगार गेंदबाजी इस टेस्ट की सबसे बड़ी चर्चा बन चुकी है।
दिन का खेल खत्म होने के बाद जस्टिन ग्रीव्स ने कहा कि कप्तान रोस्टन चेज़ ने उन्हें सिर्फ अनुशासित गेंदबाजी करने की सलाह दी थी। उन्होंने बताया कि गेंद अच्छी तरह सीम हो रही थी और उसका फायदा उन्हें मिला। ग्रीव्स ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लेने की खुशी जरूर है, लेकिन टीम के लिए अभी भी मैच जीतना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।