यह सपने के सच होने जैसा है: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक जड़ने के बाद उत्साहित हुए कावेम हॉज
इस मैच में वेस्टइंडीज की ओर से कावेम हॉज ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 120 रनों की धुआंधार पारी खेली।
अद्यतन - Jul 20, 2024 3:33 pm

नॉटिंघम के ट्रेंड ब्रिज में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मैच में वेस्टइंडीज की ओर से कावेम हॉज ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 120 रनों की धुआंधार पारी खेली। उन्होंने इंग्लैंड के किसी भी गेंदबाज को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया।
बता दें, इस समय खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 416 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 5 विकेट खोकर 351 रन बना लिए हैं। वेस्टइंडीज की ओर से कावेम हॉज ने महत्वपूर्ण शतकीय पारी खेली। मैच खत्म होने के बाद बेहतरीन खिलाड़ी ने अपनी पारी को लेकर बड़ा बयान दिया।
कावेम हॉज ने कहा कि, ‘यह सपने के सच होने जैसा है। एक युवा खिलाड़ी होने के नाते आप अंतरराष्ट्रीय स्तर में कुछ बड़ा करना चाहते हैं। इंग्लैंड में उन्हीं के खिलाफ। मैं इसलिए काफी खुश हूं और मुझे अच्छा भी लग रहा है। खासतौर पर टीम इस समय शानदार स्थिति में है। टीम के लिए मदद करना हमेशा ही अच्छी बात होती है। Alick Athanaze के साथ चौथे विकेट के लिए 175 रनों की साझेदारी शानदार थी।
हम लोगों ने साथ में हमेशा ही बेहतरीन बल्लेबाजी की है यही नहीं घर में हमने एक ही फ्रेंचाइजी की ओर से खेला हुआ है। वो मेरे से ज्यादा आक्रामक खिलाड़ी है। हमेशा विकेट पर उनके साथ रहना मुझे काफी अच्छा लगता है।’
वेस्टइंडीज टीम दूसरे टेस्ट में इस समय काफी अच्छी स्थिति में
वेस्टइंडीज टीम इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में इस समय मजबूत स्थिति पर है। वो अभी भी अपनी पहली पारी में 65 रनों से पीछे है। तीन मैच की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड इस समय 1-0 से आगे है।
मेजबान ने पहले टेस्ट को एक पारी और 114 रनों से अपने नाम किया था। दूसरे टेस्ट को वेस्टइंडीज जरूर जीतना चाहेगा। दूसरे टेस्ट के खेल का तीसरा दिन दोनों ही टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा।