पाकिस्तान के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका को जीत दिलाने वाले केशव महाराज हैं प्रभु श्री राम के भक्त, मुकाबले के बाद किया यह शानदार पोस्ट
मुकाबला खत्म होने के बाद केशव महाराज ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस जीत के लिए भगवान को शुक्रिया कहा और साथ ही जय श्री राम भी लिखा।
अद्यतन - अक्टूबर 28, 2023 10:49 पूर्वाह्न

27 अक्टूबर को खेले गए आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शानदार मुकाबला में दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को एक विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया था। दक्षिण अफ्रीका की ओर से केशव महाराज ने विजयी रन मारे थे।
उन्होंने इस मुकाबले में 21 गेंदों में 7 रनों की नाबाद बहुमूल्य पारी खेली। केशव महाराज अपनी बल्लेबाजी से काफी खुश थे। हालांकि मुकाबला खत्म होने के बाद केशव महाराज ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस जीत के लिए भगवान को शुक्रिया कहा और साथ ही जय श्री राम भी लिखा।
केशव महाराज ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘भगवान पर मैं भरोसा करता हूं और हमारे खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। तबरेज शम्सी और एडन मार्करम ने जबरदस्त प्रदर्शन दिखाया। जय श्री राम।’
यह रहा केशव महाराज का पोस्ट:
बता दें, इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 270 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से कप्तान बाबर आजम ने 65 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 50 रनों की जबरदस्त पारी खेली। उनके अलावा साउद शकील ने 52 रनों का योगदान दिया।
शादाब खान ने 43 रनों की बहुमूल्य पारी खेली जबकि मोहम्मद रिजवान ने 21 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की ओर से एडन मार्करम ने 93 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 91 रनों की मैच जिताऊं पारी खेली। उनके अलावा डेविड मिलर ने 29 रनों का योगदान दिया जबकि कप्तान टेम्बा बावुमा ने 28 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका अंक तालिका में पहले पायदान पर पहुंच चुके हैं। पाकिस्तान टीम की बात की जाए तो इस हार के बाद अब उनका सेमीफाइनल में पहुंचना बहुत ही मुश्किल लग रहा है। उनको अगर इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनानी है तो अपने बचे हुए सभी मुकाबलों को जीतना जरूरी है।