कोलकाता नाइट राइडर्स ने चंद्रकांत पंडित को बनाया अपनी टीम का हेड कोच
चंद्रकांत पंडित की निगरानी में मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी 2022 का खिताब अपने नाम किया था।
अद्यतन - अगस्त 17, 2022 6:07 अपराह्न

दो बार की आईपीएल चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने बुधवार, 17 अगस्त को चंद्रकांत पंडित को अपनी फ्रेंचाइजी का हेड कोच नियुक्त किया है। इस बात की जानकारी फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया के जरिए दी। बता दें पंडित की कोचिंग काल में मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी 2022 का खिताब अपने नाम किया था।
इससे पहले केकेआर के कोच ब्रेंडन मैकुलम थे। इसी साल इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच बनाए जाने के बाद उन्होंने केकेआर का साथ छोड़ दिया। वहीं फ्रेंचाइजी ने अब दिग्गज चंद्रकांत पंडित को कोच बनाने का फैसला लिया है। घरेलू क्रिकेट में कई टीमों में कोच की भूमिका निभा चुके पंडित पहली बार IPL में मुख्य कोच के रूप में काम करेंगे।
केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने भारतीय कोच की नियुक्ति को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और उन्हें अगले आईपीएल सीजन में केकेआर टीम का नेतृत्व करने के लिए सर्वश्रेष्ठ कोच माना। केकेआर की टीम, जो 2021 सीजन में उपविजेता रही थी, आईपीएल 2022 में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। इस सीजन केकेआर की टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही थी।
केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने चंद्रकांत पंडित को कोच बनाए जाने को लेकर कहा कि, ”हम बहुत उत्साहित हैं कि चंदू हमारी यात्रा के अगले चरण में हमारा नेतृत्व करने के लिए नाइट राइडर्स परिवार में शामिल हो रहे हैं। वह जो करता है उसके प्रति उसकी गहरी प्रतिबद्धता और घरेलू क्रिकेट में सफलता का उसका ट्रैक रिकॉर्ड सभी के सामने है। हम अपने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ उनकी साझेदारी की उम्मीद कर रहे हैं, जो एक रोमांचक होने की उम्मीद है।”
केकेआर के कोच बनने के बाद चंद्रकांत पंडित ने दिया यह रिएक्शन
वहीं कोच बनने के बाद चंद्रकांत पंडित ने कहा, ”यह जिम्मेदारी दिया जाना मेरे लिए एक बड़ा सम्मान और सौभाग्य की बात है। जो नाइट राइडर्स से जुड़े रहे हैं मैंने खिलाड़ियों और अन्य लोगों से पारिवारिक संस्कृति के बारे में साथ ही सफलता की परंपरा जो बनाई गई है उसके बारे में सुना है।”
उन्होंने आगे कहा, ”मैं सहयोगी स्टाफ और सेटअप का हिस्सा रहे खिलाड़ियों की गुणवत्ता को लेकर उत्साहित हूं और मैं पूरी विनम्रता और सकारात्मक उम्मीदों के साथ इस मौके को देख रहा हूं।”