केएल राहुल के लिए सबसे बड़ा बोझ उनकी कीमत या प्रदर्शन! लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर गौतम गंभीर ने साझा की अपनी राय
गौतम गंभीर ने आगामी IPL 2022 नीलामी के लिए लखनऊ सुपरजायंट्स की रणनीति पर भी बात की हैं।
अद्यतन - फरवरी 1, 2022 11:56 पूर्वाह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपरजायंट्स आगामी मेगा नीलामी की तैयारियों में जुटी हुई है। हाल ही में लखनऊ सुपरजायंट्स ने अपने आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया है। लखनऊ सुपरजायंट्स ने एंडी फ्लावर को मुख्य कोच और गौतम गंभीर को मेंटर के रूप में चुना, वहीं केएल राहुल को नीलामी से पहले 17 करोड़ रुपये में सुरक्षित कर उन्हें टीम का कप्तान बनाया हैं। पैसो की इतनी बड़ी चाल से केएल राहुल पर दबाव लाजमी है।
हालांकि, गौतम गंभीर ने स्वीकार किया है कि केएल राहुल दबाव में होंगे लेकिन उनके प्राइस टैग के कारण नहीं, बल्कि आईपीएल 2022 (IPL 2022) में प्रदर्शन को लेकर दबाव में होंगे। उन्होंने आगे कहा मेंटर के रूप में यह उनका और उनके सहयोगी स्टाफ का काम है कि वह केएल राहुल को अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करने में मदद करें न कि उस कीमत पर जिसके साथ वह टीम से जुड़ा है।
केएल राहुल पर होगा प्रदर्शन का बोझ
गौतम गंभीर ने एनडीटीवी को बताया: “यह सहयोगी स्टाफ का कर्तव्य है कि वे केएल राहुल को स्वतंत्र महसूस कराए। सबसे बड़ा बोझ प्राइस टैग नहीं बल्कि प्रदर्शन का दबाव होगा।”
आगामी IPL 2022 नीलामी की रणनीति के बारे में बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि फ्रेंचाइजी ऐसे खिलाड़ियों की तलाश में है जो आईपीएल के दौरान सिर्फ लखनऊ के लिए खेलने को प्राथमिकता देंगे। गौतम गंभीर ने आगे कहा, “हम ऐसे खिलाड़ी चाहते हैं जो ईमानदार हों, फ्रेंचाइजी के लिए खेलना चाहते हों और जो उन दो महीनों में भारत के लिए खेलने के बारे में नहीं सोचते हों। देश के लिए खेलना सभी का सपना होता है। लेकिन इन 2 महीने यदि वह फ्रेंचाइजी के लिए खेलने पर ध्यान लगायेंगे तो इससे वह बेहतर प्रदर्शन करने के साथ अधिक दबाव भी महसूस नहीं करेंगे।
इसी बीच, लखनऊ फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका ने कहा कि केएल राहुल को को कप्तान नियुक्त करने का फैसला काफी आसान था। उन्होंने कहा वे केवल राहुल के खेल को लेकर शांत दृष्टिकोण से प्रभावित नहीं हुए बल्की उनका मिजाज से भी प्रभावित हैं, इसलिए उन्हें कप्तान चुना है।
संजीव गोयनका ने कहा: “केएल को कप्तान नियुक्त करने को लेकर हमारे मन में कोई संदेह नहीं था। हम उनके पास पहुंचे और हमारे दिमाग एक से लगे। मैं उनके शांत दृष्टिकोण और अदम्य स्वभाव से बहुत प्रभावित हूं। वह बहुत भाव को प्रदर्शित करने वालो में से नहीं है और मैं भी ऐसा ही हूं।”