ICC वर्ल्ड कप क्वालीफायर के लिए नीदरलैंड ने अपनी टीम की घोषणा की, कई अनुभवी खिलाड़ियों को खेमे में नहीं किया गया शामिल
नीदरलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स अपनी टीम से काफी खुश हैं और उनका मानना है कि वो इस बार ICC वर्ल्ड कप के लिए जरूर क्वालीफाई हो जाएंगे।
अद्यतन - मई 24, 2023 5:19 अपराह्न

ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर में नीदरलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के कई खिलाड़ी इस जबरदस्त टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। इनमें से कुछ खिलाड़ियों का नाम है- रूलोफ वैन डेर मर्व, कॉलिन एकरमेन और फ्रेड क्लासेन। दरअसल काउंटी क्रिकेट खेलने की वजह से यह खिलाड़ी ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालीफायर में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।
ICC पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को जबरदस्त मात दी थी और इन खिलाड़ियों ने अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। यही नहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कॉलिन एकरमेन को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से भी नवाजा गया था।
जिंबाब्वे में जून-जुलाई महीने में खेले जाने वाले इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में यह सभी खिलाड़ी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। इन सबके अलावा तेज गेंदबाज ब्रैंडन ग्लोवर और टिम वान डेर गुटेन भी ICC वर्ल्ड कप क्वालीफायर में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। एसोसिएट टीमों के बोर्ड भी इस पर कुछ नहीं कर सकते क्योंकि उन्हें भी पता है कि इससे उनके खिलाड़ी देश के केंद्रीय अनुबंध से हट सकते हैं।
नीदरलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने दिया बड़ा बयान
नीदरलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स अपनी टीम से काफी खुश हैं और उनका मानना है कि वो इस बार ICC वर्ल्ड कप के लिए जरूर क्वालीफाई हो जाएंगे। उनके मुताबिक टीम में कई युवा और अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं।
ESPNक्रिकइंफो के मुताबिक स्कॉट एडवर्ड्स ने कहा कि, ‘ हमारे पास अनुभवी खिलाड़ियों और युवा खिलाड़ियों का काफी अच्छा मिश्रण है। घरेलू क्रिकेट में युवा खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और अब मुझे पूरा भरोसा है कि वर्ल्ड कप क्वालीफायर में भी वो जबरदस्त प्रदर्शन करने को देखेंगे।
नीदरलैंड को जिंबाब्वे के खिलाफ 20 जून को मुकाबला खेलना है जबकि यूनाइटेड स्टेट्स के खिलाफ 22 जून को मैच खेलना है। नेपाल के खिलाफ टीम 24 जून को मैच खेलेंगे जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका 26 जून को मुकाबला होगा।
यह रही नीदरलैंड की टीम:
स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), मैक्स ओ’डोड, लोगान वान बीक, विक्रमजीत सिंह, आर्यन दत्त, विवियन किंगमा, बास डी लीडे, नूह क्रोस, रेयान क्लेन, तेजा निदमनुरू, वेस्ले बर्रेसी, शारिज अहमद, क्लेटन फ्लॉयड, माइकल लेविट, साकिब जुल्फिकार।