इंदौर स्टेडियम की छोटी बाउंड्री से नाखुश तबरेज़ शम्सी, ट्वीट के जरिए अपनी बात रखी सामने - क्रिकट्रैकर हिंदी

इंदौर स्टेडियम की छोटी बाउंड्री से नाखुश तबरेज़ शम्सी, ट्वीट के जरिए अपनी बात रखी सामने

भारतीय टीम की ओर से रविचंद्रन अश्विन के अलावा किसी भी गेंदबाज ने अपनी गेंदबाजी में 10 के इकॉनमी रेट से नीचे रन नहीं दिए।

Tabraiz Shamsi (Photo by Randy Brooks / AFP)
Tabraiz Shamsi (Photo by Randy Brooks / AFP)

4 सितंबर को इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे और आखिरी टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 49 रन से मात दी। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका की ओर से राइली रुसो ने बेहतरीन शतक जड़ा जिसकी वजह से टीम क्लीनस्वीप होने से बच गई। छोटी बाउंड्री होने की वजह से दोनों ही टीमों ने काफी शानदार बल्लेबाजी की। हालांकि प्रोटियाज टीम के स्पिनर तबरेज़ शम्सी इस जीत के बावजूद स्टेडियम की छोटी बाउंड्री से खुश नहीं लगे और उन्होंने इसको लेकर ट्वीट किया।

बता दें, पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 227 रन बनाए। टीम की ओर से राइली रुसो ने 48 गेंदों में 7 चौके और 8 छक्कों की मदद से 100* रन बनाए। यह उनके अंतरराष्ट्रीय टी-20 करियर का पहला शतक था। रुसो के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने 43 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 68 रन बनाए।

इंदौर स्टेडियम की बाउंड्री से नाखुश तबरेज शम्सी

भारतीय टीम की ओर से रविचंद्रन अश्विन के अलावा किसी भी गेंदबाज ने अपनी गेंदबाजी में 10 के इकोनामी रेट से नीचे रन नहीं दिए। अश्विन ने अपने 4 ओवर में मात्र 35 रन दिए। दीपक चाहर और उमेश यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

228 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 178 रन पर ऑलआउट हो गई। दिनेश कार्तिक ने सर्वाधिक 21 गेंदों में 46 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट झटका जबकि ड्वेन प्रिटोरियस ने 3.3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके।

ऐसा नहीं था कि सिर्फ भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में रन लुटाए हो, प्रोटियाज टीम की ओर से लुंगी एनगिडी ने 3 ओवर में 51 रन देकर 2 विकेट झटके। टीम के स्पिनर तबरेज़ शम्सी का यह कहना है कि मैदान के दो तरफ की बाउंड्री मात्र 55 और 56 मीटर है और इसका फ़ायदा बस बल्लेबाजों को मिलेगा गेंदबाजों को नहीं। उनके मुताबिक क्रिकेट का खेल तब ही दिलचस्प होगा जब गेंदबाज और बल्लेबाज दोनों को लाभ मिले।

ये रहा तबरेज़ शम्सी का ट्वीट:

तबरेज़ शम्सी ने अपने ट्वीट में कहा कि, ‘क्या कोई ऐसे तरीके के बारे में जानता है जो मुझे इसे एक से अधिक बार रीट्वीट करने की अनुमति दे सकता है। आइए क्रिकेट को बल्ले और गेंद के बीच, बराबरी का मुकाबला बनाए।’

भले ही दक्षिण अफ्रीका टीम ने आखिरी टी-20 मुकाबले को अपने नाम कर लिया हो लेकिन भारत ने तीन मुकाबलों की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। अब 6 अक्टूबर से इन दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।

close whatsapp