क्या स्टिंग ऑपरेशन के बाद BCCI ने चेतन शर्मा का जीना दूभर कर दिया है? अब भगवान भरोसे बैठे हैं पूर्व मुख्य चयनकर्ता
चेतन शर्मा ने खुलासा किया था कि विराट कोहली और सौरव गांगुली के बीच अहंकार के चलते दिक्कत थी।
अद्यतन - मई 18, 2023 10:25 पूर्वाह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का साथ छूटने के बाद से पूर्व भारतीय मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा की लाइफ में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है, जिसका खुलासा उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर किया है।
आपको बता दें, चेतन शर्मा ने इस साल फरवरी में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मुख्य चयनकर्ता का पद एक विवादास्पद स्टिंग ऑपरेशन के बाद छोड़ा था। एक निजी समाचार चैनल ने फरवरी 2023 में एक स्टिंग ऑपरेशन किया था, जहां शर्मा ने टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों, विराट कोहली और सौरव गांगुली के बीच के संबंध, टीम मीटिंग की जानकारी, और BCCI को लेकर कई विवादित खुलासे किए थे।
चेतन शर्मा अब भगवान के भरोसे बैठे हैं
इस वीडियो के लीक होने के बाद शर्मा ने खुद भारत के मुख्य चयनकर्ता के पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे BCCI ने तुरंत स्वीकार कर लिया, क्योंकि उन्होंने बोर्ड के नियमों का उल्लंघन किया था। चेतन शर्मा के इस्तीफा देने के बाद से भारत के मुख्य चयनकर्ता की कुर्सी खाली है।
हालांकि, BCCI ने शिव सुंदर दास को अंतरिम मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया है, और हाल ही में राष्ट्रीय चयन समिती ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2021-23 के फाइनल के लिए एक मजबूत टीम का चयन किया है। इस बीच, फरवरी 2023 से, चेतन शर्मा और BCCI का कोई कनेक्शन नहीं है, और उन्हें पूरी तरह से दरकिनार कर दिया गया है।
जिससे निराश होकर भारतीय चयनकर्ताओं के पूर्व अध्यक्ष ने 18 मई को ट्विटर पर एक भावुक पोस्ट शेयर की, और बताया कि उनकी लाइफ सच में अब तक बहुत कठिन रही और निकट और प्रिय लोगों से कोई सहारा नहीं मिला।
चेतन शर्मा ने ट्विटर पर लिखा: “जीवन अब तक बहुत कठिन रहा है। मुझे अपने निकट और प्रिय से कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। मुझे आशा है कि माता रानी मुझ पर कृपा करेगी।”
Life has been very tough so far. No hope from your near & dear. Hope Mata Rani bless me…..
— Chetan Sharma (@chetans1987) May 17, 2023