LLC 2023

LLC 2023: भीलवाड़ा किंग्स के खिलाफ मणिपाल टाइगर्स ने दर्ज की 89 रनों की बड़ी जीत

पहले बल्लेबाजी करते हुए मनिपाल टाइगर्स ने 211 रनों का बड़ा स्कोर बनाया।

Bhilwara Kings (Image Source: LLC Twitter)
Bhilwara Kings (Image Source: LLC Twitter)

लेजेंड्स लीग क्रिकेट 2023 के मुकाबले इस वक्त देहरादून में खेले जा रहे हैं। कल (24 नवंबर) देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आज मनिपाल टाइगर्स और भीलवाड़ा किंग्स के बीच टूर्नामेंट का छठा मुकाबला खेला गया। हरभजन सिंह की कप्तानी में इस मुकाबले को मनिपाल टीम ने एकतरफा अंदाज में 89 रनों से अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मनिपाल टाइगर्स ने 211 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में भीलवाड़ा की टीम केवल 122 रन बना सकी।

भीलवाड़ा किंग्स के कप्तान इरफान पठान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, जो सही साबित नहीं हुआ। मनिपाल के लिए उनके सलामी बल्लेबाज रोबिन उथप्पा और चैडविक वॉल्टन ने धमाकेदार शुरुआत दी। पहले विकेट के लिए दोनों बल्लेबाजों ने 87 रन जोड़े। रोबिन उथप्पा 51 रनों की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए लेकिन दूसरे छोर पर खड़े वॉल्टन ने हेमिल्टन मस्काद्जा के साथ मिलकर 114 रन जोड़े।

हेमिल्टन मस्काद्जा 37 रन बनाकर रिटायर हर्ट हो गए। इस दौरान चैडविक वॉल्टन ने अपना शतक पूरा किया। वॉल्टन ने 55 गेंदों पर 104 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। भीलवाड़ा के लिए क्रिस बर्नवेल ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। इसके अलावा भीलवाड़ा के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए।

LLC 2023: भीलवाड़ा किंग्स के बल्लेबाज रहे फ्लॉप

212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भीलवाड़ा किंग्स के बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने पहले 2 विकेट 11 रनों पर गंवा दिए जिसमें लेंडल सिमंस, सोलोमन मिरे का नाम शामिल रहा। टीम के लिए सलामी बल्लेबाजी तिलकरत्ने दिलशान ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए उनके अलावा मध्यक्रम में कोई भी बल्लेबाज अहम योगदान नहीं दे पाया।

इसके अलावा दिग्गज बल्लेबाज युसुफ पठान 16 रन, क्रिस बर्नवेल 16 और इरफान पठान 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अंत में अनुरीत सिंह ने 15 रनों की पारी खेली और नाबाद रहे। भीलवाड़ा की पूरी टीम 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 122 रन ही बना पाई और मुकाबले को गंवा दिया। इमरान खान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी ऑलराउंडर इमाद वसीम ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

close whatsapp