IPL 2024 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर को सलाहकार किया नियुक्त
अद्यतन - मार्च 14, 2024 10:49 अपराह्न

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट क्रिकेटर एडम वोजेस को आईपीएल 2024 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स का सलाहकार नियुक्त किया गया है। लांस क्लूजनर पहले से ही फ्रेंचाइजी के सलाहकार नियुक्त है। अब एडम वोजेस दूसरे हाई प्रोफाइल ऑस्ट्रेलियन हैं, जिन्हें LSG ने अपने साथ जोड़ा है।
एडम वोजेस मुख्य कोच जस्टिन लैंगर के साथ मिलकर काम करेंगे और पहले रॉजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रह चुके हैं। एडम ने 2010 सीजन में रॉयल्स के लिए 9 मैचों की 7 पारियों में 45.25 की औसत और 128.57 के स्ट्राइक रेट से 181 रन बनाए।
वोजेस के पास कोचिंग का काफी अनुभव है। उन्होंने 2018 में कार्यभार संभालने के बाद वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया को भारी सफलता दिलाई। पूर्व दाएं हाथ के बल्लेबाज ने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया को शेफील्ड शील्ड और मार्श वनडे कप में खिताब जिताने के अलावा बिग बैश लीग में पर्थ स्कार्चर्स को भी खिताब जीतने में मदद की।
बता दें कि एडम वोजेस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 2007-2016 तक क्रिकेट खेला। उन्होंने 20 टेस्ट, 31 वनडे और सात टी-20 मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया।
वोजेस का लखनऊ सुपर जायंट्स के सपोर्ट स्टाफ में जुड़ना शानदार है- जस्टिन लैंगर
इस बीच जस्टिन लैंगर ने एडम वोजेस को लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए वहीं सफलता दोहराने के लिए कहा, जो उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए किया था। लैंगर का मानना है कि वोजेस के पास एक शानदार क्रिकेट माइंड है।
उन्होंने कहा कि, वोजेस का लखनऊ सुपर जायंट्स के सपोर्ट स्टाफ में जुड़ना शानदार है। उनका और मेरा वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट और पर्थ स्कॉर्चर्स के जरिए लंबे समय से जुड़ाव है। वह खुद एक बेहद सफल मुख्य कोच हैं। जब मैं वहां कोच था तो वह कप्तान थे। उन्होंने मुझसे पदभार संभाला और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में अभूतपूर्व काम किया।
गौरतलब है कि आईपीएल 2024 की शुरुआत 22 मार्च से होने वाली है और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अपने अभियान की शुरुआत 24 मार्च को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी।