बाबर आजम की मात्र एक गलती ने पूरे मुकाबले को बदल कर रख दिया: वसीम अकरम
मुझे लगता है कि बाबर आजम ने बहुत बड़ी गलती कर दी। उनको नवाज से पारी का 13वां या 14वां ओवर करवाना चाहिए था: वसीम अकरम
अद्यतन - Aug 30, 2022 5:58 pm

28 अगस्त को एशिया कप 2022 के दूसरे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी। हार्दिक पांड्या ने आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर छक्का जड़ इस मुकाबले को खत्म किया। 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से विराट कोहली ने 34 गेंदों में 35 रन बनाए, वहीं हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों में 33* रन की आक्रामक पारी खेल भारतीय टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इसी के साथ बाबर आजम की कप्तानी पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
बता दें, मुकाबले का आखिरी ओवर स्पिनर मोहम्मद नवाज ने फेंका था। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 7 रन चाहिए थे। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम द्वारा सबसे बड़ी गलती यह हो गई कि उन्होंने अपने सभी तेज गेंदबाजों के ओवर 19 ओवर में ही खत्म कर दिए जिसकी वजह से आखिरी ओवर मोहम्मद नवाज को फेंकना पड़ा।
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम का मानना है कि बाबर ने नवाज से काफी देर में गेंदबाजी करवाई। उनके मुताबिक पाकिस्तान स्पिनर से पारी का 13वां या 14वां ओवर करवाकर उनके 4 ओवर का कोटा खत्म करवा देना चाहिए था।
बाबर आजम ने एक बहुत बड़ी गलती कर दी: वसीम अकरम
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने मुकाबले के बाद स्टार स्पोर्ट्स में कहा कि, ‘मुझे लगता है कि बाबर आजम ने बहुत बड़ी गलती कर दी। उनको नवाज से पारी का 13वां या 14वां ओवर करवाना चाहिए था। टी-20 प्रारूप में आपको एक स्पिनर से आखिरी के ओवर नहीं करवाने चाहिए, खासतौर पर तब जब सामने रवींद्र जडेजा और हार्दिक पांड्या खेल रहे हो।
गेंदबाजी की बात की जाए तो भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने 26 रन देकर चार और हार्दिक पांड्या ने 25 रन देकर तीन विकेट झटके जिसके बदौलत पाकिस्तान 147 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन जडेजा और हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी की वजह से भारत ने इस मुकाबले को अपने नाम किया। जडेजा ने इस मुकाबले में 29 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 35 रन की शानदार पारी खेली।