BGT 2024: क्या सही में मेलबर्न टेस्ट में आउट थे यशस्वी जायसवाल? जाने क्या कहा पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने - क्रिकट्रैकर हिंदी

BGT 2024: क्या सही में मेलबर्न टेस्ट में आउट थे यशस्वी जायसवाल? जाने क्या कहा पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है।

Yashasvi Jaiswal (Pic Source-X)
Yashasvi Jaiswal (Pic Source-X)

मेलबर्न में खेले गए चौथे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 184 रनों से हराया। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।मैच के दौरान भारतीय टीम के शानदार सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को थर्ड अंपायर Sharfuddoula द्वारा आउट दिया गया, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हो रही है।

दरअसल, मुकाबले की चौथी पारी में जब यशस्वी जायसवाल 84 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब पैट कमिंस की एक साधारण गेंद पर भारतीय खिलाड़ी ने बड़ा शॉट खेलने चाहा, लेकिन गेंद उनके ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर एलेक्स कैरी के पास गई, जहां उन्होंने उसे पकड़ा।

मेजबान के सभी खिलाड़ियों ने कैच की अपील की, लेकिन फील्ड अंपायर ने यशस्वी को नॉटआउट दिया। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया टीम ने रिव्यू की मांग की। रिव्यू में Snicko में कोई भी हरकत नहीं हुई, लेकिन जब इसे ध्यान से देखा गया तो ऐसा लगा की गेंद भारतीय खिलाड़ी के ग्लव्स को छूकर गई है। यही वजह है कि थर्ड अंपायर ने यशस्वी जायसवाल को आउट करार दिया। इस पूरे मामले को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी मार्क टेलर ने अपना पक्ष रखा है।

मार्क टेलर ने Nine Today को बताया कि, ‘रिप्ले में आप देख सकते हैं कि गेंद ग्लव्स से लगी है। गेंद ने हरकत जरूर की है। जो लोग विवाद चाहते हैं वो इसे वैसे ही देख रहे होंगे। ऑस्ट्रेलिया ने सभी 10 विकेट सही तरीके से लिए हैं और इसी वजह से उन्होंने जीत दर्ज की है।’

टेक्नोलॉजी शत प्रतिशत सही नहीं होती है: मार्क टेलर

पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘Snicko जैसी सभी टेक्नोलॉजी शत प्रतिशत सही नहीं होती है और यह चीज सबको पता है। जब आपके पास स्टंप माइक होता है और बल्लेबाज का एज लगता है तो कभी-कभी आपको आवाज सुनाई नहीं देती है।’

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। अब इन दोनों टीमों के बीच पांचवा और अंतिम टेस्ट 3 जनवरी से सिडनी के सिडनी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

close whatsapp