“बल्ला ठीक हो सकता है लेकिन हमारा मेन्टल हेल्थ नहीं”, मार्नस लाबुशेन का ये पोस्ट देख टूटा भारतीय फैंस का दिल
ODI वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में लाबुशेन ने खेली थी 58 रनों की पारी।
अद्यतन - Aug 12, 2024 3:04 pm

भले ही टीम इंडिया ने जून में टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया हो, लेकिन फैंस और खिलाड़ी नवंबर 2023 में खेले गए ODI वर्ल्ड कप फाइनल की हार को अभी तक नहीं भूल पाए हैं। उस वर्ल्ड कप में भारत ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन फाइनल में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
बता दें कि ODI वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम ने लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने खिताबी मुकाबले में भारत को 6 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भारत ने 241 का टारगेट दिया था। करोड़ों भारतीय क्रिकेट फैंस का दिल तोड़ने में ट्रेविस हेड के अलावा मार्नल लाबुशेन ने भी अहम भूमिका निभाई थी। हेड (133 रन) ने जहां फाइनल में शतक लगाया था, वहीं मार्नस लाबुशेन (58 रन) ने अर्धशतकीय पारी खेली थी।
Marnus Labuschagne ODI World Cup Final Bat Pic Went Viral
इसी बीच लाबुशेन ने एक बार फिर 2023 ODI वर्ल्ड कप फाइनल की याद दिलाते हुए भारतीयों का दिल तोड़ा है। उनकी एक पोस्ट से अचानक ही फैंस के जख्म ताजा हो गए हैं। दरअसल, लाबुशेन ने फाइनल में जिस बल्ले से अर्धशतक ठोका, उसे रिटायर करने की सोच रहे हैं। उनके बल्ले की हालत काफी खराब है। उन्होंने सोमवार को इंस्टाग्राम पर लिखा, ”लगता है कि अब वर्ल्ड कप फाइनल के बैट को रिटायर करने का समय आ गया है।”
लाबुशेन की यह पोस्ट देखकर कई फैंस का पुराना दर्द छलक आया और उन्होंने इस पर अपने-अपने रिएक्शन भी दिए। एक यूजर ने कमेंट किया, ”भाई अब भी इस पोस्ट से भारतीयों के जख्म कुरेद रहा है।” एक ने कहा, ”ये बल्ला तो ठीक हो जाएगा लेकिन हमारा मेन्टल हेल्थ नहीं ठीक हो सकता”। एक अन्य ने लिखा, ”रोहित भाई को अपना बल्ला भी रिटायर कर देना चाहिए, जिससे उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में ऑस्ट्रेलिया और अन्य टीमों की धज्जियां उड़ाईं।”
Marnus Labuschagne को ODI वर्ल्ड कप फाइनल में मिला था जीवनदान
गौरतलब है कि लाबुशेन को फाइनल में अंपायर कॉल का जबरदस्त फायदा मिला था। अगर भारत को अंपायर का साथ मिल जाता तो शायद फाइनल की कहानी बदल सकती थी। जसप्रीत बुमराह ने पारी के 28वें ओवर में लाबुशेन को विकेट के आगे फंसा लिया था। भारत ने LBW की अपील की मगर अंपायर रिचर्ड केटलबोरो ने उसे नकार दिया। रोहित ने रिव्यू की मांग, जिसे अंत में अंपायर्स कॉल करार दिया गया। ऐसे में लाबुशेन को जीवनदान मिला और भारत के हाथ निराशा लगी।