मस्त अपनी नींद पूरी कर रहे थे मार्नस लाबुशेन, सिराज ने बिगाड़ दिया उनके आराम का प्लान
मुकाबले के तीसरे दिन भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 296 रन पर ऑलआउट हो गई।
अद्यतन - जून 9, 2023 7:46 अपराह्न

इस समय भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के द ओवल में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के तीसरा दिन का खेल खेला जा रहा है। मुकाबले के तीसरे दिन भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 296 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से अजिंक्य रहाणे ने 129 गेंदों में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 89 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।
शार्दुल ठाकुर ने भी अजिंक्य रहाणे का बखूबी साथ निभाया और दोनों ने सातवें विकेट के लिए 109 रनों की बेहतरीन साझेदारी की। हालांकि भारतीय पारी के खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के शानदार बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को पैड पहनकर आराम करते हुए देखा गया। वो अपनी नींद पूरी करना चाहते थे लेकिन मोहम्मद सिराज ने ऐसा होने नहीं दिया।
भारतीय तेज गेंदबाज ने डेविड वार्नर को ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान मात्र 1 रन पर आउट कर दिया जिसके तुरंत बाद मार्नस लाबुशेन को अपनी नींद खराब करके बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर उतरना पड़ा। बता दें, मार्नस लाबुशेन ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के दौरान 26 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
Wake up Marnus, it's time to bat.#INDvAUS #AUSvIND #WTCFinal #WTCFinal2023 #WTC23Final #WTC23 pic.twitter.com/2R3vwym2Mu
— Ashmin Aryal (@aryal_ashmin) June 9, 2023
ऑस्ट्रेलिया अभी तक खेल में आगे
बता दें, ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 469 रन बनाए थे। टीम की ओर से स्टीव स्मिथ ने 268 गेंदों में 19 चौकों की मदद से 121 रनों की बहुमूल्य पारी खेली थी जबकि ट्रेविस हेड ने 174 गेंदों में 25 चौके और एक छक्के की मदद से 163 रन बनाए। एलेक्स केरी ने 48 रनों का योगदान दिया।
जवाब में भारत का प्रदर्शन पहली पारी में काफी निराशाजनक रहा। अजिंक्य रहाणे के अलावा रवींद्र जडेजा ने 51 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 48 रन की पारी खेली जबकि शार्दुल ठाकुर ने 51 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को उनकी दूसरी पारी में जल्द से जल्द आउट करना चाहेंगे। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही है। भारतीय गेंदबाजों को अच्छी गेंदबाजी करते हुए अपनी टीम को इस मैच में वापसी दिलानी होगी।