‘प्लेऑफ में पहुंचने पर ही ऐसा होगा..’- एमएस धोनी को लेकर इयोन मोर्गन की बड़ी भविष्यवाणी
महेंद्र सिंह धोनी ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 17 गेंदो में 32 रनों की पारी खेली।
अद्यतन - Apr 13, 2023 2:15 pm

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2023 में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में धोनी ने 17 गेंदो 32 रनों की नाबाद पारी खेली। धोनी ने इससे पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ 7 गेंदो में 14 और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 3 गेंदो में 12 रनों की पारी खेली थी।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ धोनी 15वें ओवर में क्रिज पर आए थे। धोनी ने एडम जम्पा द्वारा डाले गए 18वें ओवर में छक्का लगाया था और फिर संदीप शर्मा द्वारा डाले गए आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के जड़े थे। महेंद्र सिंह धोनी इस सीजन अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं। लेकिन इसी बीच इयोन मोर्गन ने धोनी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
धोनी को सब बहुत अच्छे से पता है- इयोन मोर्गन
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन का मानना है कि एमएस धोनी आईपीएल के शुरूआती समय में तो बैटिंग ऑर्डर में अपने आप को प्रमोट करते हुए नजर नहीं आएंगे। लेकिन अगर टीम प्लेऑफ में पहुंचती है तो ऐसा देखने के मिल सकता हैं।
इयोन मोर्गन ने CSK और RR मैच से पहले हिंदुस्तान टाइम्स पर बात करते हुए कहा था, ‘उनकी बल्लेबाजी लाइनअप मजबूत हैं। मुझे पता हैं उन्हें अपने आप को बैटिंग ऑर्डर में नीचे रखना पसंद हैं। हम उन्हें खुद को प्रमोट करते हुए नहीं देख रहे हैं। मैं यह नहीं चाहता था कि वो सामान्य से ज्यादा अपनी बल्लेबाजी में बदलाव लाए।’
‘प्लेऑफ में या अलग परिस्थितियों में ऐसा हो सकता है। लेकिन अभी तो मैं ऐसा नहीं देख पा रहा हूं। वह खुद को बहुत अच्छे से जज करते हैं। और वह अभी यह महसूस कर रहे हैं कि यह सही समय नहीं है।’
दिल्ली कैपिटल्स के प्रदर्शन पर मोर्गन ने कही यह बात
दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल के इस सीजन में लगातार चौथी बार हार का सामना करना पड़ा है। उनके इस खराब प्रदर्शन को देखकर कई क्रिकेट एक्सपर्ट ने दिल्ली कैपिटल्स के प्लेऑफ से बाहर होने की भी भविष्यवाणी कर दी है।
इसी बीच इयोन मोर्गन ने दिल्ली कैपिटल्स के प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा, ‘डेविड रन बना रहे हैं वह ऑरेंज कैप के रेस में हैं। लेकिन आप केवल एक पर निर्भर नहीं रह सकते जबकि आपके पास 6 खिलाड़ी हैं जो सहयोग दे सकते हैं।’