मयंक यादव को लेकर बड़ी रिपोर्ट आई सामने, बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले NCA के स्पेशल कैंप में जमकर कर रहे अभ्यास
चोटिल होने की वजह से मयंक यादव आईपीएल 2024 में सिर्फ चार ही मैच खेल पाए थे और उसके बाद वो इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
अद्यतन - Sep 28, 2024 4:16 pm

युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव का प्रदर्शन इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में काफी अच्छा रहा था। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने आईपीएल डेब्यू में तीन विकेट झटके थे और लखनऊ सुपर जायंट्स की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यही नहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए मैच में भी उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए थे।
बता दें कि मयंक यादव के पास वो काबिलियत है, जिससे वह किसी भी बल्लेबाज को परेशान कर सकते हैं। उनकी रफ्तार भरी गेंदबाजी देखकर दिग्गज क्रिकेटरों ने भी जमकर तारीफ की। हालांकि, आईपीएल 2024 में मयंक यादव सिर्फ 4 ही मैच खेल पाए थे और चोटिल होने के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मयंक की चोट को गंभीरता से लिया और युवा खिलाड़ी को नेशनल क्रिकेट अकादमी में डॉक्टर की निगरानी में रखा। युवा खिलाड़ी NCA में डॉक्टर और फिजियो की देखरेख में है और बहुत जल्द उन्हें एक बार फिर से प्रोफेशनल क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है।
बता दें कि, दलीप ट्रॉफी में भी मयंक यादव का नाम शामिल किया जा सकता था, लेकिन अधिकारियों ने उनको लेकर बिल्कुल भी रिस्क नहीं लिया।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, BCCI के एक सूत्र ने कहा कि, ‘पिछले 1 महीने से मयंक ने दर्द को लेकर कोई भी शिकायत नहीं की है। NCA में वो फुल फॉर्म से गेंदबाजी कर रहे हैं। चयनकर्ता भी इस चीज को देखकर उत्साहित है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मयंक कैसा प्रदर्शन करते हैं। अभी टेस्ट सीजन काफी लंबा होना है और चयनकर्ता बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में कई नए चेहरों को टीम इंडिया में शामिल करना चाहते हैं। पिछले कुछ महीनों से हार्दिक ने भी कॉम्पिटेटिव क्रिकेट नहीं खेला है और अभिषेक शर्मा को भी क्वालिटी प्रैक्टिस की जरूरत है।’
गौतम गंभीर और मोर्ने मोर्केल भी मयंक यादव को लेकर काफी उत्साहित है: सूत्र
टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर और गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल मयंक यादव के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स टीम में काफी समय बिता चुके हैं। वो खुद मयंक यादव के बड़े फैन हैं। सूत्र ने कहा कि, ‘चयनकर्ता मयंक यादव को सिर्फ टी20 फॉर्मेट तक रोकना नहीं चाहते हैं। वो खुद यही चाहते हैं कि मयंक और भी फॉर्मेट में भाग ले। गौतम गंभीर और मोर्ने मोर्केल मयंक यादव की जमकर प्रशंसा करते हैं।’