माइकल वॉन का एक और बेतुका बयान, WTC फाइनल के लिए केएल राहुल को बता रहे हैं रोहित का ओपनिंग पार्टनर
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच WTC फाइनल मुकाबला 7 जून से इंग्लैंड के ओवल में खेला जाएगा।
अद्यतन - अप्रैल 28, 2023 12:06 अपराह्न

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल मुकाबला 7 जून से लंदन के ओवल मैदान पर खेला जाएगा। इस मुकाबले को लेकर भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलियाई टीम अभी से ही तैयारियों में लग गई है। वहीं BCCI ने भी इस मुकाबले के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इस स्क्वॉड में शुभमन गिल और अजिंक्य रहाणे को जगह मिली है।
वहीं रोहित शर्मा के साथ कौन सा बल्लेबाज ओपनिंग करेगा, इसको लेकर अभी भी संशय बना हुआ है क्योंकि टीम में केएल राहुल और शुभमन गिल दोनों ही मौजूद हैं, जो रोहित शर्मा के साथ कई मैचों में ओपनिंग कर चुके हैं। वहीं इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी माइकल वॉन ने टीम इंडिया के ओपनर्स को लेकर अपनी राय रखी है।
सिर्फ एक बदलाव जो भारतीय टीम अंग्रेजी परिस्थितियों में कर सकते हैं- माइकल वॉन
दरअसल माइकल वॉन का मानना है कि WTC फाइनल के लिए भारत को टीम में शुभमन गिल की जगह केएल राहुल को ओपनर के रूप में शामिल करना चाहिए। बता दें क्रिकबज्ज से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, “सिर्फ एक बदलाव जो भारतीय टीम अंग्रेजी परिस्थितियों में कर सकते हैं, वो यह है कि केएल राहुल स्विंग हो रही बॉल को शुभमन गिल से बेहतर खेलते हैं। शुभमन जरूर एक बेहतरीन युवा खिलाड़ी हैं, लेकिन आपको क्रिकेट का वो एक मैच जीतना है।”
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, “इतिहास को भूल जाएं, ये वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप जीतने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन चुनने का समय है। जब पिच कोई हरकत नहीं करती तो शुभमन गिल एक खतरनाक खिलाड़ी है, लेकिन मैंने उनकी बल्लेबाजी में कुछ तकनीकी खामियां भी देखी हैं। जब गेंद मूव करती है, तो वो अपना हाथ गेंद की ओर थोड़ा ज्यादा ले जाता है।”
माइकल वॉन ने कहा कि, “मुझे यकीन नहीं है कि वो ऐसा करेंगे (शुभमन गिल की जगह केएल राहुल) क्योंकि मैं सिलेक्शन रूम में नहीं हूं। लेकिन आप यह देखकर टीम ना चुनें कि आगे क्या है या वेस्टइंडीज में कौन खेलने जा रहा है। आपको क्रिकेट के उस एक मैच के लिए टीम को चुननी चाहिए।”