मिचेल मार्श का खराब फॉर्म कहीं वर्ल्ड कप 2023 में ना बढ़ा दे ऑस्ट्रेलिया के लिए चिंता
इस बेहतरीन मैच में भारतीय टीम के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
अद्यतन - Sep 22, 2023 2:11 pm

इस समय भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज का पहला मैच मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस बेहतरीन मैच में भारतीय टीम के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
ऑस्ट्रेलिया टीम की बात की जाए तो उनकी शुरुआत बेहद खराब रही है और टीम के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श 4 गेंदों में एक चौके की मदद से मात्र 4 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने झटका।
मिचेल मार्श का फॉर्म इस समय ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। उन्हें दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडर में गिना जाता है लेकिन इस समय वो बल्लेबाजी में ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए अपनी छाप नहीं छोड़ पा रहे हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मुकाबलों की वनडे सीरीज खेली थी जिसमें भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इस वनडे सीरीज को दक्षिण अफ्रीका ने 3-2 से अपने नाम किया था। मिचेल मार्श ने इस सीरीज में मात्र एक अर्धशतक जड़ा। अगर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के पिछली छह पारियों की बात की जाए तो उन्होंने 4 रन, 71 रन, 6 रन, 29 रन, 0 और 17 रन बनाए है।
मिचेल मार्श को जल्द फॉर्म में आना जरूरी
5 अक्टूबर से वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत हो रही है और उससे पहले मिचेल मार्श को वापस फॉर्म में आना बेहद जरूरी है। अभी भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को इस वनडे के बाद 2 और वनडे भी खेलने है और उसमें मिचेल मार्श बड़ा स्कोर बनाने को जरूर देखेंगे।
फिलहाल पहले वनडे मैच में भारतीय टीम ने इस समय ऑस्ट्रेलिया के ऊपर दबाव बनाया हुआ है। दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मैच 24 सितंबर को और तीसरा वनडे मैच 27 सितंबर को खेला जाएगा। देखना यह है कि इस वनडे सीरीज को कौनसी टीम अपने नाम करती है?