IPL 2025: लखनऊ में अभी तक अपना खाता खोल नहीं पाए हैं मिचेल मार्श, PBKS के खिलाफ भी 0 पर हुए आउट
मिचेल मार्श का विकेट घातक तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने झटका।
अद्यतन - Apr 1, 2025 10:23 pm

इस समय लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल 2025 का 13वां मैच खेला जा रहा है। पंजाब किंग्स ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब ने शानदार शुरुआत करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया है।
बता दें कि लखनऊ की ओर से पिछले दो मैच में अर्धशतक बनाने वाले सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श पंजाब के खिलाफ अपना खाता भी नहीं खोल पाए और पहली गेंद पर कैच आउट हो गए। मिचेल मार्श का विकेट घातक तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने झटका। अर्शदीप सिंह की शॉर्ट गेंद को मिचेल मार्श बिल्कुल भी नहीं समझ पाए और उन्होंने विकेट गंवा दिया।
आपको बता दें कि लखनऊ में इस धाकड़ खिलाड़ी ने अभी तक दो मैच खेले हैं और दोनों में वह गोल्डन डक पर आउट हुए हैं। इससे पहले उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए लखनऊ में भाग लिया था और पहले ही गेंद पर मार्क वुड ने उन्हें वापस पवेलियन की राह दिखाई थी।
पंजाब किंग्स के खिलाफ भी वह अपना खाता खोलने में नाकाम रहे। इससे पहले मिचेल मार्श ने इस सीजन के अपने पहले दो मैचों में अर्धशतक बनाया था।
Early breakthrough! ⚡️#ArshdeepSingh makes the new ball talk, dismissing the dangerous #MitchMarsh! 🔥💥
Watch LIVE action ➡ https://t.co/GLxHRDPCtX#IPLonJioStar 👉 #LSGvPBKS | LIVE NOW on Star Sports 1, Star Sports 1 Hindi & JioHotstar! | #IndianPossibleLeague pic.twitter.com/h5WeyWDOLr
— Star Sports (@StarSportsIndia) April 1, 2025
एक बार फिर फ्लॉप हुए ऋषभ पंत
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत एक बार फिर फ्लॉप रहे और दो रन बनाकर आउट हो गए। ऋषभ पंत का विकेट ग्लेन मैक्सवेल ने झटका। अभी तक आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। बता दें कि, ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपए में आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में अपनी टीम में शामिल किया था। वह इस टूर्नामेंट के सबसे महंगे खिलाड़ी है। हालांकि, इसके बावजूद आईपीएल 2025 में वह अभी तक बड़ा स्कोर नहीं बना पाए हैं।
वहीं LSG के सलामी बल्लेबाज एडन मार्करम को शुरुआत तो मिली, लेकिन वह भी 28 रन बनाकर आउट हो गए। भले ही लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत पंजाब किंग्स के खिलाफ इतनी अच्छी नहीं हुई, लेकिन टीम ने अच्छी वापसी कर ली है और वह इस मैच में बड़ा स्कोर बनाने को जरूर देखेंगे।