महिला IPL के पहले सत्र में खेलती हुई नजर आ सकती है मिताली राज

मिताली राज ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ 2019 में खेला था।

Advertisement

Mithali Raj. (Photo by Ryan Pierse/Getty Images)

भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने संकेत दिया है कि वह महिला IPL में खेलने के लिए संन्यास से बाहर आ सकती हैं। बता दें, पिछले साल जुलाई में मिताली राज ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था लेकिन उन्होंने महिला IPL में खेलने की इच्छा व्यक्त की थी। मिताली राज ने भारत के लिए 89 मुकाबलों में 37.52 के औसत से 2,364 रन बनाए थे।

Advertisement
Advertisement

महिला इंडियन प्रीमियर लीग का पहला सत्र मार्च 2023 में खेला जाएगा। तमाम प्रशंसक इस शानदार टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वायकॉम18 ने 2023-27 चक्र के लिए टूर्नामेंट के लिए मीडिया अधिकार 951 करोड़ रुपये में हासिल किए हैं। मिताली राज ने कहा कि वो शानदार टूर्नामेंट के पहले सत्र में जरूर खेलना चाहेगी।

ICC 100% क्रिकेट पॉडकास्ट में ईशा गुहा और फ्रांसिस मैके के साथ बातचीत के दौरान मिताली राज ने कहा कि, ‘मैं उस विकल्प को पूरी तरह से खोल कर रखना चाहती हूं। मैंने अभी तक कोई भी फैसला नहीं लिया है। अभी महिला IPL को होने में कुछ महीने बाकी है। मैं महिला IPL के पहले सत्र में जरूर खेलना चाहूंगी।’

मिताली राज के अलावा झूलन गोस्वामी को भी महिला IPL में खेलते हुए देखा जा सकता है

मिताली राज ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ 2019 में खेला था। उन्होंने वनडे और टेस्ट जून 2022 तक खेला। मिताली राज के आने के बाद इस टूर्नामेंट में पूरी तरह से जान आ जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने कई सालों तक भारतीय टीम के लिए काफी शानदार प्रदर्शन किया है।

मिताली राज के अलावा पूर्व तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी भी महिला IPL 2023 में खेलती हुई नजर आ सकते हैं। झूलन गोस्वामी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ सितंबर 2022 में खेला था और उसके बाद उन्होंने संन्यास ले लिया था।

झूलन गोस्वामी ने पहले कहा था कि, ‘ फिलहाल मैंने कोई भी फैसला नहीं लिया है। महिला IPL को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मुझे पूरी उम्मीद है कि आगामी सत्र बहुत जल्द ही देखने को मिलेगा। आधिकारिक घोषणा का इंतजार करते हैं और उसके बाद ही मैं फैसला लूंगी।’

Advertisement