CT 2025: टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी लाइनअप को लेकर मोहम्मद आमिर ने दिया बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

CT 2025: टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी लाइनअप को लेकर मोहम्मद आमिर ने दिया बड़ा बयान

टीम इंडिया अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी

Team India (Image Credit- Twitter X)
Team India (Image Credit- Twitter X)

आज यानी 19 फरवरी से चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत हो चुकी है। इस शानदार टूर्नामेंट का पहला मैच न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच कराची के नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया की बात की जाए तो उसे अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेलना है।

हालांकि, मेन इन ब्लू को जसप्रीत बुमराह की काफी कमी खलेगी, क्योंकि वह चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हैं। जसप्रीत बुमराह की जगह हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया है। इस बीच हाल ही में पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर और पूर्व खिलाड़ी अहमद शहजाद ने टीम इंडिया के गेंदबाजी लाइनअप को लेकर अपना पक्ष रखा है।

मोहम्मद आमिर ने कहा कि, ‘इस ग्रुप में जो सबसे बैलेंस साइड है वह न्यूजीलैंड की है। भारत उतनी बैलेंस टीम नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि जसप्रीत बुमराह नहीं खेल रहे हैं और यह टीम इंडिया के लिए बहुत बड़ी बात है।

मोहम्मद शमी भी अभी चोट से ठीक होने के बाद टीम में वापसी कर रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हमने देखा था कि वो शमी नजर नहीं आए, जिनको हम जानते हैं। टीम के पास एक बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं अर्शदीप सिंह। मिडिल ऑर्डर में अगर कुलदीप यादव ने घातक गेंदबाजी की तो बहुत अच्छी बात है।’

न्यूजीलैंड तीनों ही डिपार्टमेंट में काफी अच्छे फॉर्म में है: मोहम्मद आमिर

मोहम्मद आमिर ने आगे कहा कि, ‘न्यूजीलैंड टीम की बात की जाए तो उनके तेज गेंदबाज भी काफी अच्छे फॉर्म में है और बल्लेबाजों ने भी जबरदस्त बल्लेबाजी की है। स्पिनर्स ने भी अपनी भूमिका काफी अच्छी तरह से निभाई है। ग्लेन फिलिप्स भी अपने पूरे ओवर फेंकता है। यही वजह है कि सबसे बैलेंस टीम इस समय न्यूजीलैंड है।’

बता दें कि, इंडिया और पाकिस्तान के बीच महत्वपूर्ण मैच 23 फरवरी को खेला जाना है, जिसका तमाम लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला 2 मार्च को खेला जाएगा।

close whatsapp