जल्द ही रेड बॉल क्रिकेट में वापसी करते दिखेंगे पूर्व पाक गेंदबाज मोहम्मद आमिर
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के पास 36 टेस्ट, 61 वनडे और 50 टी20 मैच खेलने का अनुभव है।
अद्यतन - अप्रैल 22, 2022 10:18 अपराह्न

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद आमिर रेड-बॉल क्रिकेट में वापसी करने के लिए तैयार हैं। आमिर को चोटिल नसीम शाह की जगह, काउंटी चैंपियनशिप में तीन मैच खेलने के लिए ग्लॉस्टरशायर की टीम में शामिल किया गया है। नसीम को टी20 ब्लास्ट के शुरू होने तक बाहर रखा गया है। आमिर गुरुवार (21 अप्रैल) को इंग्लैंड पहुंचे और मैनचेस्टर में टीम से जुड़ चुके हैं।
दिलचस्प बात यह है कि बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपना आखिरी रेड बॉल मैच एसेक्स के लिए अगस्त 2019 में खेला था। उन्होंने पहले ही अंतरराष्ट्रीय प्रारूप से संन्यास ले लिया है और उसके बाद दुनिया भर की लीगों में खेलते हुए दिखे हैं। मोहम्मद आमिर ग्लॉस्टरशायर काउंटी के साथ साइन अप करने के बाद उत्साहित थे और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपनी वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।
ग्लॉस्टरशायर के निदेशक ने मोहम्मद आमिर को लेकर दिया बड़ा बयान
ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से आमिर ने कहा कि, “काउंटी चैम्पियनशिप एक बेहतरीन प्रतियोगिता है। मैं ग्लॉस्टरशायर के साथ जुड़ने का इंतजार नहीं कर सकता। मुझे इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलना पसंद है और मैं वास्तव में अच्छा महसूस कर रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि मैं टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं।”
इस बीच, ग्लॉस्टरशायर के प्रदर्शन निदेशक स्टीव स्नेल को टीम के लिए मोहम्मद आमिर जैसे गेंदबाज को टीम में शामिल होते देख बेहद खुश नजर आए। उनका मानना है कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का अंतरराष्ट्रीय अनुभव निश्चित रूप से ग्लूस्टरशायर की मदद करेगा। साथ ही, काउंटी टीम चोटिल नसीम शाह को भी टी20 ब्लास्ट के लिए उपलब्ध होने के लिए पूरी तरह से फिट होने में मदद करेगी।
स्टीव स्नेल ने कहा कि, “हम आमिर जैसे गेंदबाज को साइन करके खुश हैं। दुख की बात है कि चोट के कारण कुछ हफ्तों के लिए नसीम हमारे साथ नहीं होंगे।” आमिर के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने 2009 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। वहीं आमिर ने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ था।