“पाक टीम की सिलेक्शन AI से हुई है”- मोहम्मद हफीज ने भारत के खिलाफ मैच के बाद PCB पर साधा निशाना
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के महामुकाबले में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
अद्यतन - Feb 24, 2025 5:48 pm

टीम इंडिया ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान को बुरी तरह से हराया। भारत ने दुबई के मैदान पर पाकिस्तान को 6 विकेट से मात दी। इस मुकाबले में पाकिस्तानी खिलाड़ी रन बनाने और विकेट लेने के लिए जूझते हुए नजर आए। इसी बीच, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने भारत से हार के बाद अपने देश की टीम की कड़ी आलोचना करते हुए बड़ा बयान दिया है।
मोहम्मद हफीज ने जमकर की PCB की आलोचना
हफीज ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसीन नकवी और मैनेजमेंट को आड़े हाथों लिया। हफीज ने तंजिया लहजे में कहा कि पाकिस्तान टीम को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने सिलेक्ट किया है। हफीज ने ‘गेम ऑन है’ शो में कहा, ”पाकिस्तान के पूरे स्क्वॉड में जिसने ओपनिंग की है, वो फहीम अशरफ हैं। टीम की सिलेक्शन AI से हुई है। अक्सर बहुत बातें की जाती हैं कि उनके पास स्टेटिशियन हैं, हमें टीम बनानी आती है, हमें सबकुछ पता है। AI की मदद से टीम बनेगी। पहले अपना नाम AI पर सर्च करो।”
पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि, बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान और सलमान अली आगा को मौजूदा चैंपियंस ट्रॉफी में बल्लेबाजी क्रम में 3 से 5वें नंबर पर आना चाहिए। बाबर और इमाम भारत के खिलाफ सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरे थे। हफीज ने कहा, ”मैं बहुत सोचा लेकिन मेरा दिमाग उस लेवल पर नहीं जा सका, जहां टीम का सिलेक्शन हुआ।”
विराट कोहली ने जड़ा शानदार शतक
मुकाबले कि बात करें तो, पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 242 रनों का टारगेट दिया था, जिसे टीम इंडिया ने 45 गेंद और 6 विकेट बाकी रहते चेज कर लिया। विराट कोहली (111 गेंदों में नाबाद 100) ने पाकिस्तान की हार में अहम भूमिका निभाई।
पाकिस्तान की ओर से सऊद शकील (76 गेंदों में 62) ने सर्वाधिक रन बनाए। कप्तान मोहम्मद रिजवान (77 गेंदों में 46) ने भी टिककर बल्लेबाजी की। हालांकि, दोनों एक समय 55 गेंदों तक कोई बाउंड्री नहीं लगा पाए थे। बाबर आजम के बल्ले से 26 गेंदों में 23 रन निकले। वहीं, चोटिल फखर जमान की जगह पाकिस्तान टीम में शामिल हुए इमाम-उल-हक 26 गेंदों में 10 रन ही बना सके।