एशिया कप 2022: बांग्लादेश टीम में हुआ बदलाव, मोहम्मद नईम को किया गया स्क्वॉड में शामिल
एशिया कप 2022 में बांग्लादेश अपने अभियान की शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के साथ करेगा।
अद्यतन - अगस्त 23, 2022 12:56 अपराह्न

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने संयुक्त अरब अमीरात में 27 अगस्त से शुरू होने वाले आगामी एशिया कप टूर्नामेंट के लिए सलामी बल्लेबाज मोहम्मद नईम को टीम में शामिल किया है। 16 सदस्यीय टीम में नईम को शामिल करने की घोषणा सोमवार, 22 अगस्त को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा की गई थी।
मोहम्मद नईम, जो कल अपना 23 वां जन्मदिन मना रहे थे, उन्हें इस खास दिन पर टीम में शामिल किया गया। नईम को चोटिल तेज गेंदबाज हसन महमूद की जगह टीम में शामिल किया गया है। महमूद को उनके ट्रेनिंग के दौरान दाहिने टखने में लिगामेंट में चोट लगी थी, इसी कारण वो टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। तेज गेंदबाज तीन सप्ताह तक मैदान से दूर रहेंगे।
नईम वेस्टइंडीज के अपने हालिया दौरे के दौरान बांग्लादेश ए टीम का हिस्सा थे। बांग्लादेशी टीम 23 अगस्त मंगलवार को ढाका से यूएई के लिए रवाना होगी। आपको बता दें कि, बांग्लादेशी टीम बिना विकेटकीपर-बल्लेबाज नूरुल हसन के बिना टूर्नामेंट में उतरेगी। नूरुल मूल रूप से एशिया कप 2022 के लिए टीम का हिस्सा थे, लेकिन सिंगापुर में अपनी ऊंगली की सर्जरी के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
एशिया कप में शाकिब अल हसन करेंगे बांग्लादेश की कप्तानी
T20I और ODI में जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार सीरीज हार के बाद बांग्लादेश एशिया कप में खेलने के लिए उतरेगा। इस बीच टीम के T20I कप्तान शाकिब अल हसन ने फाइनल में जगह बनाने की बात को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि टीम टूर्नामेंट के नॉकआउट तक पहुंच जाए वही उनके लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
शाकिब ने कहा कि, “हमारे लिए एशिया कप फाइनल में जगह बनाने के बारे में सोचना मुश्किल है। पिछले डेढ़ साल में हमने जो किया है, अगर हम उसमें थोड़ा सुधार दिखा सकते हैं, तो यह एक उपलब्धि होगी। हमें सुपर 4 में जगह बनानी चाहिए। लेकिन मुझे लगता है कि अगर हम टूर्नामेंट से पहले निर्धारित लक्ष्यों को हासिल नहीं कर सकते हैं, तो आप ही हमें कहेंगे कि हम बड़ी बात करते हैं लेकिन लक्ष्य हासिल नहीं कर सकते।”