ICC टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में मोहम्मद रिजवान ने शीर्ष स्थान किया प्राप्त, बाबर आजम और सूर्यकुमार यादव की रैंकिंग में आई गिरावट
बाबर आजम ने अभी तक एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में तीन मुकाबलों में 10, 9 और 14 रन बनाए हैं जिसकी वजह से उनके 16 रेटिंग अंक गिरे हैं और अब वो ताजा टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
अद्यतन - Sep 7, 2022 4:24 pm

ICC पुरुष टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। पाकिस्तान टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर लिया है। बता दें, बुधवार (7 सितंबर) को आई ताजा ICC पुरुष टी-20 रैंकिंग में रिजवान ने बाबर आजम को हटाकर पहला स्थान हासिल किया है।
बता दें, एशिया कप 2022 में अभी तक मोहम्मद रिजवान ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने अभी तक तीन मुकाबलों में 2 अर्धशतक की बदौलत 192 रन बनाए हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में भारत के खिलाफ 43 रन जड़े थे। इसके बाद पहले हांगकांग और फिर सुपर 4 में भारत के खिलाफ अर्धशतक जड़ा।
वहीं बाबर आजम का प्रदर्शन अभी तक इस टूर्नामेंट में काफी निराशाजनक रहा है। इसी वजह से वो अब इस रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं। रिजवान को 19 अंक का इजाफा हुआ है और उनके अभी 815 रेटिंग पॉइंट्स हैं।
बाबर आजम दूसरे और सूर्यकुमार यादव चौथे स्थान पर खिसके
बता दें, बाबर आजम ने अभी तक एशिया कप 2022 टूर्नामेंट में तीन मुकाबलों में 10, 9 और 14 रन बनाए हैं जिसकी वजह से उनके 16 रेटिंग अंक गिरे हैं और अब वो ताजा टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। बाबर आजम 1,000 से ज्यादा दिनों तक इस स्थान पर काबिज थे।
वहीं दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव भी चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी जगह दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज एडेन मार्क्रम ने ले ली है। इंग्लैंड के डेविड मलान पांचवें पायदान पर हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिमिटेड ओवर्स कप्तान एरोन फिंच 6वें पायदान पर काबिज हैं।
पाकिस्तान टीम ने एशिया कप 2022 के सुपर 4 के अपने पहले मुकाबले में भारत को 5 विकेट से मात दी। उनका अगला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ 7 सितंबर को है। अगर इस मैच को पाकिस्तान जीत जाती है तो वो फाइनल में प्रवेश कर जाएगी।
जहां एक तरफ पाकिस्तानी प्रशंसक यह दुआ कर रहे होंगे कि पाकिस्तान इस मुकाबले को जीतकर टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बनाए, वहीं भारतीय प्रशंसक इस मुकाबले में अफगानिस्तान टीम को सपोर्ट कर रहे होंगे। यह मुकाबला शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।