पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बयान पर अब मोहम्मद शमी ने तोड़ी चुप्पी, दिया मुंहतोड़ जवाब
मोहम्मद शमी ने इस टूर्नामेंट में कुल 7 मैच खेले थे और 10.70 के औसत से 24 विकेट अपने नाम किए थे।
अद्यतन - Nov 23, 2023 2:29 pm

आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम के बेहतरीन तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने जबर्दस्त गेंदबाजी की थी और तमाम फैंस का दिल जीता था। मोहम्मद शमी ने इस टूर्नामेंट में कुल 7 मैच खेले थे और 10.70 के औसत से 24 विकेट अपने नाम किए थे। यही नहीं मोहम्मद शमी इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।
उनकी शानदार गेंदबाजी की वजह से ही भारत ने इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। हालांकि टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को नहीं हरा पाई। मोहम्मद शमी के शानदार प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तान के कुछ खिलाड़ियों ने उनकी जमकर आलोचना की थी। पूर्व खिलाड़ी हसन राजा ने भी भारतीय टीम पर ‘धोखाधड़ी’ करने का आरोप लगाया था।
हसन राजा ने कहा था कि मोहम्मद शमी और बाकी भारतीय गेंदबाजों को अलग गेंद दी जा रही है और यही वजह है कि मेजबान अपने सभी मुकाबलों को जीत रहा है। अब इसी को लेकर मोहम्मद शमी ने अपना पक्ष रखा है। मोहम्मद शमी ने कहा कि पाकिस्तान के कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो उनकी उपलब्धियों को झेल नहीं पा रहे हैं।
एनडीटीवी के मुताबिक मोहम्मद शमी ने कहा कि, ‘मैं भगवान से यही दुआ करता हूं कि 10 गेंदबाज मेरे तरह के प्रदर्शन के साथ आए। मैं किसी से जलता नहीं हूं। अगर आप दूसरे खिलाड़ियों की सफलता का लुफ्त उठाएंगे तो आप भी अच्छे खिलाड़ी बनेंगे।’
Mohammad Shami teaching Pakistan a life lesson.
Must watch for every person on the green side. pic.twitter.com/6oWA5IoJ7S— Abhishek (@vicharabhio) November 21, 2023
कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों को मेरी सफलता हजम नहीं हो रही है: मोहम्मद शमी
मोहम्मद शमी ने आगे कहा कि, ‘मैं पिछले दो दिनों से काफी चीजों के बारे में सुन रहा हूं। मैं शुरुआती मुकाबलों की प्लेइंग 11 का भाग नहीं था। जब मुझे टीम में शामिल किया तब मैंने 5 विकेट लिए। उसके बाद के दो मुकाबलों में भी मैंने चार या पांच बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ी मेरी सफलता को हजम नहीं कर पा रहे हैं। दरअसल वो समझते हैं कि वो ही सर्वश्रेष्ठ है। मेरे हिसाब से जो खिलाड़ी समय पर अच्छा प्रदर्शन करता है वो ही अच्छा खिलाड़ी होता है।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘ उन्होंने कहा कि हमें अलग तरीके की गेंद मिली थी। यहां तक की वसीम अकरम भाई ने भी गेंद के चयन को लेकर पूरी बात बताई। आप सभी क्रिकेट खेल चुके हैं और आपको ऐसा बयान देना शोभा नहीं देता है।’