RCB बनाम RR मुकाबले के बाद मोहम्मद सिराज ने महिपाल लोमरोर से मांगी माफी, मैच के दौरान गुस्से में बोल दिए थे अपशब्द - क्रिकट्रैकर हिंदी

RCB बनाम RR मुकाबले के बाद मोहम्मद सिराज ने महिपाल लोमरोर से मांगी माफी, मैच के दौरान गुस्से में बोल दिए थे अपशब्द

इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में अभी तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 7 मुकाबले खेले हैं जिनमें से 4 में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

Mahipal Lomror and Mohammad Siraj (Pic Source-Twitter)
Mahipal Lomror and Mohammad Siraj (Pic Source-Twitter)

23 अप्रैल को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 32वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने राजस्थान रॉयल्स को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 7 रनों से जबरदस्त मात दी। RCB की ओर से ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डु प्लेसिस और मोहम्मद सिराज में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

हालांकि राजस्थान रॉयल्स की पारी के 19वें ओवर के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को गुस्से में युवा खिलाड़ी महिपाल लोमरोर को गाली देते हुए देखा गया। बता दें, राजस्थान रॉयल्स को आखिरी 2 ओवर में जीतने के लिए 33 रनों की जरूरत थी। इस ओवर की पहली 5 गेंदों पर RR ने 11 रन बनाए। आखिरी गेंद पर ध्रुव जुरेल ने बड़ा शॉट खेलना चाहा लेकिन गेंद उनके बल्ले से अच्छी तरह से नहीं लगी।

हालांकि 1 रन पूरा करने के बाद अश्विन ने जुरेल को दूसरा रन लेने को कहा। महिपाल लोमरोर जो उस समय RCB की ओर से फील्डिंग कर रहे थे वो गेंद के पास पहुंचे लेकिन उनका थ्रो काफी खराब था। सिराज गेंद को अच्छी तरह से नहीं पकड़ पाए और इसी वजह से अश्विन रन आउट होने से बाल-बाल बचें।

लोमरोर का यह थ्रो मोहम्मद सिराज को अच्छा नहीं लगा और उन्होंने गुस्से में युवा खिलाड़ी को गाली दे दी। हालांकि बाद में उन्होंने मैच के बाद माफी भी मांगी। RCB ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल में एक वीडियो साझा की जिसमें सिराज ने खुलासा किया कि इस हादसे को लेकर उन्होंने लोमरोर से मैच के बाद 2 बार माफी भी मांगी।

ये रही वीडियो:

वीडियो में मोहम्मद सिराज कह रहे हैं कि, ‘मैं उस समय काफी गुस्सा हो गया था उसके लिए मुझे माफ कीजिएगा। मैंने पहले भी दो बार माफी मांग ली है। मैदान पर आक्रमकता से मैं खेलता हूं उसको मैं बाहर नहीं ले जाता।’ लोमरोर ने भी मोहम्मद सिराज को माफ किया और कहा कि, ‘कोई बात नहीं सिराज भाई, यह सब छोटी चीजें बड़े मुकाबलों में होती रहती है।’

बता दें, इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में अभी तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 7 मुकाबले खेले हैं जिनमें से 4 में उन्होंने जीत दर्ज की है जबकि तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वो इस सीजन की अंक तालिका में पांचवे पायदान पर हैं। टीम को अब अपना अगला मैच 26 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलना है। टीम गेंदबाजी में तो अच्छा प्रदर्शन कर रही है लेकिन बल्लेबाजी में विराट कोहली, फाफ डु प्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना पाया है।

close whatsapp