SL vs IND: पहले वनडे में गेंदबाजी से तो सिराज ने दिखाया अपना जौहर लेकिन फील्डिंग में हो गए पूरी तरह से फेल
इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
अद्यतन - Aug 2, 2024 4:37 pm

इस समय श्रीलंका और भारत के बीच पहला वनडे मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि, उनका यह फैसला अभी तक सही साबित नहीं हुआ है और टीम ने तीसरे ओवर में अपना पहला विकेट गंवा दिया है।
वहीं पारी के 8वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने अर्शदीप सिंह की गेंद पर श्रीलंकाई बल्लेबाज पथुम निसांका को बड़ा जीवनदान दे दिया। दरअसल, ओवर की चोथी गेंद पर पथुम निसांका ने फ्लिक करते हुए शॉट खेला और गेंद लॉन्ग ऑन की ओर गई। जहां बाउंड्री पर तैनात सिराज कैच को लपकने के लिए आगे की ओर दौड़े।
गेंद मोहम्मद सिराज के हाथ में लगभग आ गई थी, लेकिन जैसे ही वो जमीन पर गिरे गेंद उनके हाथ से छूट गया। इस तरह निसंका को जीवनदान मिला। वहीं अर्शदीप सिंह ने मोहम्मद सिराज के इस प्रयास की सराहना की और ताली बजाकर उनकी प्रशंसा भी की। हालांकि, मोहम्मद सिराज इस बात से काफी निराश नजर आए कि वह इस कैच को पकड़ने में नाकाम रहे।
भारतीय गेंदबाजों ने कसा शिकंजा
बहरहाल, मुकाबले की शुरुआत में ही भारतीय गेंदबाजों ने अपना शिकंजा कस लिया है। खबर लिखे जाने तक श्रीलंका ने 10 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 37 रन बना लिए हैं। निसांका 25 रन बनाकर खेल रहे हैं अब देखना है कि वह जीवनदान का कितना फायदा उठा पाते हैं। वहीं कुसल मेंडिस 7 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
इससे पहले भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज खेली गई थी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया। वहीं अब रोहित शर्मा की अुगवाई में भारतीय टीम की नजर वनडे सीरीज जीतने पर होगी।