IPL के 15वें सीजन में 25 फीसदी से अधिक दर्शकों को मिल सकती है एंट्री
आईपीएल 2022 का आयोजन 26 मार्च से 29 मई तक पूरे महाराष्ट्र में चार स्थानों पर किया जाएगा।
अद्यतन - मार्च 22, 2022 8:40 पूर्वाह्न

आईपीएल 2022 26 मार्च से शुरू होने के लिए पूरी तरह तैयार है, सीजन का पहला मुकाबला पिछले सीजन की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। दो महीने का टूर्नामेंट पूरी तरह से भारत में क्रमशः महाराष्ट्र के दो शहरों – मुंबई और पुणे के चार स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
इस बीच, कुछ रिपोर्ट्स पर भरोसा करें तो मार्की टूर्नामेंट के 15वें संस्करण के दौरान स्टेडियम में 25% से अधिक क्षमता की भीड़ हो सकती है। साथ ही, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा यह भी पुष्टि की गई है कि जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, स्टेडियमों में दर्शकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
आईपीएल में दर्शकों की अनुमति को लेकर बीसीसीआई अधिकारी ने दिया बड़ा बयान
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने हाल ही में क्रिकबज के हवाले से बताया कि, “हमारी सोच यही कहती है कि, आगे जाकर स्टेडियमों में शुरुआती खेलों की तुलना में अधिक दर्शक होंगे। कोरोना के मामले दिन ब दिन कम होने के साथ हम उम्मीद कर रहे हैं कि अधिक दर्शक स्टेडियम में होंगे।”
पिछले दो सीजन का आयोजन यूएई में होने के बाद,अंततः कैश-रिच टूर्नामेंट का आयोजन भारत में होगा। हालांकि, जनवरी में यह अनुमान लगाया गया था कि टूर्नामेंट का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में किया जा सकता है, और बीसीसीआई और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) के बीच उसी के बारे में बातचीत चल रही थी। लेकिन आईपीएल 2022 के लिए आधिकारिक कार्यक्रम का ऐलान होने के बाद ऐसी सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया गया।
आईपीएल में 70 मैच होंगे और दो नई फ्रेंचाइजी – गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत के साथ टीमों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई है। गत चैंपियन सीएसके की नजर इस बार रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले पांचवें आईपीएल खिताब पर होगी। पिछले महीने बेंगलुरू में दो दिवसीय मेगा ऑक्शन में भाग लेने वाली सभी टीमों ने अपने-अपने स्क्वॉड बनाए हैं, यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम इस सीजन बाजी मारेगी।