‘यही वह समय या दिन है जब मेरे माता-पिता ने’- जर्सी नंबर 7 को लेकर MS Dhoni ने किया बड़ा खुलासा
धोनी के लिए काफी लकी रहा है उनका जर्सी नंबर 7
अद्यतन - Feb 11, 2024 1:56 pm

धोनी और नंबर 7 का कनेक्शन कितना गहरा है ये आप सबलोग बहुत अच्छे से जानते होंगे। एमएस धोनी ने भारत को 2007 (टी20) और 2011 (वनडे) में वर्ल्ड कप जीत दिलाई। भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को देखने के बाद हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। उनकी विरासत का सम्मान करते हुए, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने दिसंबर 2023 में नंबर 7 जर्सी को रिटायर कर दिया, जिससे क्रिकेट इतिहास में विकेटकीपर बल्लेबाज की जगह पक्की हो गई।
हालांकि फैंस अभी भी धोनी की जर्सी नंबर-7 का भी सच जानना चाहते हैं कि आखिर क्यों उन्होंने इस नंबर को ही चुना? तो अब धोनी ने खुद नंबर सात के बारे में खुलासा किया है। लोग अक्सर धोनी के जर्सी नंबर के बारे में बात करते हुए दिखते हैं। तो आइए जानते हैं कि धोनी ने नंबर-7 को लेकर क्या कहा?
अपने जर्सी नंबर 7 को लेकर एमएस धोनी ने किया बड़ा खुलासा
जवाब देते हुए धोनी ने NDTV के हवाले से कहा, “नहीं असल में ये दिन का वो वक़्त था जब मेरे माता-पिता ने तय किया कि मैं दुनिया में आऊंगा।” धोनी की ये बात सुन वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं। फिर धोनी आगे कहते हैं, “मैं 7 जुलाई को पैदा हुआ और जुलाई सातवां महीना है। 1981 साल था। 8 में से 1 घटाएं तो 7 सात होगा, तो ये मेरे लिए बहुत आसान था कि जब मैं वहां जाऊं और वो मुझसे पूछें कि तुम कौन सा नंबर चाहते हो।”
रांची के रहने वाले, चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी व्हाइट बॉल क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं, जो अपने मैच फिनिश करने की क्षमताओं को लेकर जाने जाते हैं।
350 वनडे मैचों के अपने शानदार करियर में, धोनी ने 50.57 की औसत और 87.56 की स्ट्राइक रेट से 10,773 रन बनाए, जिसमें 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल हैं। 90 टेस्ट और 98 T20I में उन्होंने क्रमशः 4,876 और 1,617 रन बनाए। उनके नेतृत्व ने भारत ने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की थी, जो उनकी कप्तानी में आखिरी आईसीसी जीत थी।