IPL 2024: CSK की हार के बावजूद MS Dhoni ने बनाया खास रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बने
इसके साथ ही धोनी आईपीएल में 250 छक्के लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं
अद्यतन - May 11, 2024 3:56 pm

महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के एक अहम खिलाड़ी हैं और चेन्नई के फैन्स ने उन्हें लोकल प्लेयर के रूप में स्वीकार किया है। जब से वह फ्रेंचाइजी से जुड़े है, तब से एमएस धोनी सीएसके के साथ हैं। माना जा रहा है कि आईपीएल का यह सीजन बतौर खिलाड़ी उनका आखिरी सीजन हो सकता है। ऐसे में चेन्नई के हर मैच में भारी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंच रहे हैं।
शुक्रवार, 10 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हुए मैच में एमएस धोनी ने एक खास उपलब्धि हासिल की। गुजरात द्वारा मिले 232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के दौरान धोनी ने 11 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए, जिसमें तीन गगनचुंबी छक्के भी लगाए।
एमएस धोनी ने आईपीएल में पूरे किए 250 छक्के
इस दौरान धोनी ने आईपीएल में अपने 250 छक्के पूरे किए। इसके साथ ही वह रोहित शर्मा (276) और विराट कोहली (264) के बाद 250 छक्के लगाने वाले तीसरे भारतीय भी बन गए हैं। इस खास उपलब्धि को हासिल करने वाले धोनी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी हैं।
धोनी ने आखिरी ओवर में राशिद खान के खिलाफ कुल 16 रन बटोरे। उन्होंने पहली गेंद पर सिक्स लगाया, जो उनका 250वां छक्का था। इसके बाद अगली गेंद पर फिर सिक्स लगाया और एबी डिविलियर्स (251 छक्के) की बराबरी की। तीन गेंदें डॉट रही और आखिरी गेंद पर चौका आया।
𝗠𝗶𝗹𝗲𝘀𝘁𝗼𝗻𝗲 𝗨𝗻𝗹𝗼𝗰𝗸𝗲𝗱 🔓
MS Dhoni completes 2️⃣5️⃣0️⃣ sixes in the IPL 👏
Scorecard ▶️ https://t.co/PBZfdYswwj#TATAIPL | #GTvCSK pic.twitter.com/gNUGS0Jhs8
— IndianPremierLeague (@IPL) May 10, 2024
मुकाबले की बात करें तो गुजरात टाइटंस ने शुभमन गिल (104) और साई सुदर्शन (103) के शतकीय पारी की बदौलत 232 रनों का लक्ष्य चेन्नई सुपर किंग्स के सामने रखा। इसके जवाब में रुतुराज गायकवाड़ की टीम निर्धारित ओवर में 8 विकेट पर 196 रन ही बना सकी और 35 रन से मुकाबला हार गई। सीएसके की ओर से डेरिल मिचेल और मोईन अली ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं।