13 साल बाद महेंद्र सिंह धोनी ने अपने फैन का पूरा किया सपना

महेंद्र सिंह धोनी ने हिमाचल प्रदेश के रत्नारी में परिवार के साथ छुट्टियां मनाने के दौरान एक फैन का सपना कुछ इस तरह किया पूरा।

Advertisement

Advertisement
Advertisement

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भले ही क्रिकेट के मैदान से बाहर हों लेकिन वह खबरों में लगातार बने रहते हैं। धोनी अपने पीछे एक ऐसी विरासत को छोड़कर गए हैं, जो आने वाली कई पीढ़ियों को प्रेरणा देने का काम करेगी जिससे वह अपने सपने को साकार कर सके। क्रिकेट में बेहतरीन फिनिशर खिलाड़ी के तौर पर पहचाने जाने वाले धोनी भले ही अंतरराष्ट्रीय करियर से संन्यास ले चुके हों लेकिन अपने फैंस के दिलों में अभी भी वह अपनी जगह पहले की तरह बनाए हुए हैं।

हाल में ही धोनी के एक फैन को उनके साथ कुछ समय बिताने का मौका मिला जब पूर्व कप्तान अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के रत्नारी में छुट्टियां मना रहे थे। वह मीनाबाग होटल में रुके हुए थे जिसका पता धोनी के फैन देव को लगा जो मीनाबाग शिमला केे होटल में काम करते थे। उन्होंने अपना तबादला रत्नारी में मीनाबाग में कराने के लिए विनती की जिससे वह धोनी से मिल सकें।

देव को यह मौका मिलने पर उन्होंने अपने मोबाइल कवर पर महेंद्र सिंह धोनी का ऑटोग्राफ लिया जो उनके लिए जीवन भर की सबसे बड़ी यादों में से एक रहने वाला है। मीनाबाग होटल ने देव की इस कहानी को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया और स्टाफ के साथ धोनी की फोटो को भी पोस्ट किया। यह मुलाकात देव के लिए काफी स्पेशल रही क्योंकि इससे पहले जब साल 2008 में धोनी एक टूर्नामेंट खेलने के लिए हिमाचल प्रदेश पहुंचे थे, तो देव ने उनसे मुलाकात करने का प्रयास किया था लेकिन उस समय वह सफल नहीं हो पाए थे।

आईपीएल ट्रॉफी पर नजरें

महेंद्र सिंह धोनी के लिए एक कप्तान के तौर पर आईपीएल 2020 का सीजन बेहद खराब रहा था और टीम के प्रदर्शन के चलते वह टॉप-4 में भी अपनी जगह बना पाने में कामयाब नहीं हो सकी थी। वहीं, साल 2021 के सीजन को स्थगित किए जाने से पहले चेन्नई की टीम काफी शानदार प्रदर्शन कर रही थी लेकिन अब सीजन के बाकी बचे मैच एकबार फिर से यूएई में खेले जाएंगे जहां पर टीम का पिछला प्रदर्शन बेहद खराब रहा था।

हालांकि, धोनी इस बार आईपीएल खिताब को चौथी बार अपने नाम करना चाहेंगे। ऐसी उम्मीद भी जताई जा रही है कि यह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है, जिसके बाद वह क्रिकेट को पूरी तरह से अलविदा कह सकते हैं।

Advertisement