MS Dhoni परिवार संग बिता रहे फुर्सत के पल, फॉर्म हाउस से सामने आया वीडियो
वीडियो में कैप्टन कूल डॉग्स के साथ खेलते हुए भी दिखाई देते हैं
अद्यतन - Jun 16, 2024 4:51 pm

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) इन दिनों अपने फॉर्म हाउस पर परिवार संग फुर्सत के पल बिता रहे हैं। वह रांची स्थित फॉर्म हाउस पर वेकेशन का लुत्फ उठा रहे हैं। उनकी कुछ तस्वीरें और वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इन तस्वीरों में धोनी अपने गार्डन में डॉग्स को घुमाते हुए नजर आ रहे हैं।
बता दें कि बेटी जीवा सिंह धोनी (Ziva Singh Dhoni) के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे एमएस धोनी अपने डॉग्स के साथ गार्डन में घूमते हुए नजर आ रहे हैं। इसके अलावा वीडियो में वाइफ साक्षी धोनी (Sakshi Dhoni) और बेटी जीवा भी नजर आती हैं।
वीडियो में धोनी ब्लू कलर की हाफ टी शर्ट और ग्रे कलर के पैंट पहने हुए नजर आ रहे हैं। कैप्टन कूल डॉग्स के साथ वीडियो में खेलते हुए भी दिखाई देते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और इस पर फैन्स अपना जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
यहां देखें वीडियो
हाल ही में एमएस धोनी आईपीएल 2024 में खेलते हुए नजर आए थे। आईपीएल के इस सीजन से पहले उन्होंने रुतुराज गायकवाड़ को चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी सौंप दी थी। गायकवाड़ के नेतृत्व और धोनी के मार्गदर्शन में सीएसके ने मिला-जुला प्रदर्शन किया। टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही थी।
सीएसके ने 14 मुकाबलों में से 7 में जीत दर्ज की थी, जबकि 7 में उसे हार मिली थी। उसके 14 अंक थे।। वहीं आरसीबी के भी 14 अंक थे, लेकिन नेट रन रेट बेहतर होने की वजह से वह प्लेऑफ में पहुंच गई। आरसीबी के खिलाफ मैच के बाद तमाम पूर्व क्रिकेटरों ने कहा कि यह धोनी का आखिरी मैच था। हालांकि, धोनी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया। वहीं सीएसके में भी किसी को यह जानकारी नहीं है कि धोनी कब आईपीएल से संन्यास लेंगे।