गौतम गंभीर एमएस धोनी

“एमएस संभवतः टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान हैं”- CSK के खिलाफ मैच से पहले ये क्या बोल गए गंभीर

गौतम गंभीर ने CSK के खिलाफ मैच से पहले जमकर की एमएस धोनी की तारीफ।

MS Dhoni and Gautam Gambhir (Image Credit- Twitter)
MS Dhoni and Gautam Gambhir (Image Credit- Twitter)

सोमवार, 8 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच मुकाबले से पहले, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और वर्तमान में KKR के मेंटोर गौतम गंभीर ने भारतीय क्रिकेट में एमएस धोनी के  योगदान के लिए उनकी जमकर तारीफ की है और साथ ही में उन्हें “भारत का अब तक का सबसे सफल कप्तान” भी कहा।

अपने IPL करियर में गंभीर ने सात सीजन तक नाइट राइडर्स का नेतृत्व किया और उन्हें 2012 और 2014 में प्रतिष्ठित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) खिताब जीतने में मदद की। इसी बीच एमएस धोनी को लेकर गंभीर ने कहा कि धोनी जैसा कप्तान भारत को कभी शायद मिल भी नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि सीएसके ऐसी टीम है, जो आखिरी तक हार नहीं मानती है और यही वजह है कि आखिरी रन बनने तक आप सीएसके को हारा हुआ नहीं मान सकते हैं।

गौतम गंभीर ने एमएस धोनी को लेकर कही कुछ बड़ी बातें

स्टार स्पोर्ट्स द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में गंभीर ने कहा कि, ‘मैं बस जीतना चाहता हूं, मैं अपने दिमाग में बिल्कुल क्लियर हूं। देखिए लोग हैं, जो दोस्त हैं, एक-दूसरे के लिए रिस्पेक्ट सब बातें अलग हैं, ये सब बातें रहेंगी, लेकिन जब हम मैदान पर होते हैं, मैं केकेआर की कप्तानी कर रहा हूं और वो सीएसके की कप्तानी कर रहे हैं, अगर वो मेरी जगह बैठे हैं और अगर आप उनसे यही सवाल करेंगे, तो वो भी यही जवाब देंगे।

यह जीतने के बारे में हैं, आप विनिंग ड्रेसिंग रूम में वापस जाना चाहोगे। एमएस संभवतः टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान हैं, मुझे नहीं लगता कि कोई भी एमएस के लेवल पर पहुंच भी सकता है। तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतना… लोग ओवरसीज जीत सकते हैं, जितना हो सके टेस्ट मैच जीत सकते हैं, लेकिन तीन आईसीसी ट्रॉफी से बढ़कर कुछ नहीं है।

आईपीएल में मैंने उनके खिलाफ हर मैच का पूरा लुत्फ उठाया है क्योंकि आपको पता होता है कि उनको रणनीति के मामले में मात नहीं दी जा सकती है। रणनीति के मामले में वह बहुत अच्छे हैं, उन्हें पता है कि स्पिनरों के खिलाफ कैसे रन बनाने हैं, और पता है कि स्पिनरों के साथ कैसी फील्ड सेट करनी है। इसलिए कभी हार नहीं मानते हैं, नंबर-6 और नंबर-7 पर बल्लेबाजी करते हैं, आप जानते हैं कि वो जब तक क्रीज पर हैं, वो कभी भी मैच फिनिश कर सकते हैं, चाहे आपको एक ओवर में 20 रन ही क्यों नहीं बनाने हों।

मुझे पता था कि मेरे पास ऐसा बॉलिंग अटैक था, जो चेन्नई सुपरकिंग्स के किसी भी बैटर को रोक सकता था। रणनीति के मामले में उनसे बेहतर होना मुश्किल है, धोनी फील्ड पर गुस्सा नहीं होते हैं, लेकिन वो जानते हैं कि आखिरी तक हार नहीं माननी है। चेन्नई को हराने के लिए आपने जब तक आखिरी रन नहीं बनाया है, तब तक आप जीते नहीं हो, क्योंकि कई ऐसी टीम हैं, जो पांच विकेट गंवाकर हार मान लेती हैं, लेकिन ऐसा एमएस के साथ बिल्कुल नहीं है।’

close whatsapp