MS Dhoni जानते हैं कि उनका अंत करीब है, CSK को आगे बढ़ना होगा: मोहम्मद कैफ
45 साल के हो चुके हैं धोनी
अद्यतन - नवम्बर 13, 2026 8:21 पूर्वाह्न

पूर्व भारतीय क्रिकेटर व कमेंटेटर मोहम्मद कैफ (Mohammad Kaif) ने हाल में ही सीएसके को पांच बार चैंपियन बनाने वाले कप्तान एमएस धोनी के आईपीएल भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। कैफ ने कहा धोनी जानते हैं कि उनका अंत करीब है और CSK को आगे बढ़ना होगा।
गौरतलब है कि धोनी की उम्र 45 साल की हो चुकी है और अगले आईपीएल के दौरान यह 46 हो जाएगी। साथ ही पिछले साल अंघूठे की चोट के चलते वह एक भी सीजन नहीं खेल पाए थे।
आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों को रिटेन-रिलीज करने की आखिरी तारीख 17 नवंबर, 2026 तक है और इससे पहले सीएसके धोनी को लेकर एक बड़ा फैसला कर सकती है। हालिया एक इंटरव्यू में धोनी ने कहा था कि वह अपने आईपीएल करियर पर फैसला दिसंबर में होने वाले मेडिकल टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद लेंगे।
मोहम्मद कैफ ने दिया बड़ा बयान
कैफ ने हाल में ही अपने यूट्यूब चैनल पर कहा “धोनी ने कभी अपने पत्ते कब खोले हैं? तो फिर हम कैसे कह सकते हैं कि वह दिसंबर में कोई फैसला लेंगे? हो सकता है कि उन्होंने अभी ऐसा कहा हो, लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे। पिछले साल भी वह कुछ मैचों से बाहर रहे थे, लेकिन हम अक्सर उन्हें नेट्स में प्रैक्टिस करते हुए देखते थे, जिससे हमें लगता था कि वह अगला मैच खेलेंगे, पर उन्होंने कभी नहीं खेला। और ऐसा ही चलता रहा।”
कैफ ने आगे कहा “पूरा IPL बीत गया, और आधिकारिक तौर पर ऐसा नहीं कहा गया कि वह बाहर हो गए हैं। उनके माता-पिता भी आए हुए थे, और ऐसा लग रहा था कि यह उनका आखिरी मैच हो सकता है। लेकिन धोनी के बारे में कोई नहीं जानता। कोई भी नहीं। इसलिए हमें बस इंतजार करना होगा और देखना होगा। हालांकि, यह तो सब जानते हैं कि उनका सफर खत्म होने के करीब है। खुद उन्हें भी यह बात पता है। लेकिन CSK को अब आगे बढ़ना होगा। और एक तरह से, सैमसन को टीम में शामिल करके उन्होंने ऐसा करना शुरू भी कर दिया है।”
ये भी पढ़ें – NZ vs IND 4th ODI: भारत ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी चुनी, दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन पर डालें एक नजर