साल 2023 से 2027 के IPL मीडिया राइट्स खरीदने के लिए दुनिया की बड़ी दिग्गज कंपनियों ने खरीदे डॉक्यूमेंट - क्रिकट्रैकर हिंदी

साल 2023 से 2027 के IPL मीडिया राइट्स खरीदने के लिए दुनिया की बड़ी दिग्गज कंपनियों ने खरीदे डॉक्यूमेंट

आईपीएल 2023-2027 सीजन के मीडिया अधिकार के लिए नीलामी में अमेरिका की कंपनी एपल के भी शामिल होने की संभावना है।

IPL Trophy. (Photo Source: IPL/BCCI)
IPL Trophy. (Photo Source: IPL/BCCI)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सीजन 2023 से 2027 तक के लिए मीडिया राइट्स नीलामी की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नीलामी 12 जून से होगी जिसके लिए BCCI ने कई बड़ी कंपनियों को अपनी किस्मत आजमाने का मौका दिया है। चार बड़ी कंपनियों ने मीडिया और ब्रॉडकास्टिंग राइट्स की नीलामी में शामिल होने के लिए डॉक्यूमेंट खरीद लिए हैं। जिसमें Sony, Disney, TV18-Viacom, Zee और Amazon जैसे ब्रांड्स शामिल हैं।

हालांकि इस सूची में और भी कंपनियां शामिल हैं जिनके बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है। मौजूदा समय में IPL के मीडिया अधिकार स्टार के पास हैं लेकिन IPL 2022 के बाद उसका कार्यकाल समाप्त हो जायेगा। नीलामी के दौरान BCCI द्वारा 7.2 अरब अमेरिकी डॉलर की बड़ी राशि जुटाने की संभावना जताई जा रही है।

आपको बता दें, इससे पहले स्टार ने IPL के सीजन 2018 से 2022 तक के मिडिया राइट्स के लिए 16,347 करोड़ रुपए का भुगतान किया था लेकिन इस बार दो नई टीमों ने हिस्सा लिया है जिसके कारण इस बार यह रकम 40000 करोड़ रुपए के पार जाने की संभावना है। इस टेंडर को 10 मई 2022 तक खरीदा जा सकता है।

अमेरिकी कंपनी एपल भी ले सकती है नीलामी में हिस्सा

द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका की बड़ी टेक कंपनी एपल भी इस नीलामी में हिस्सेदार हो सकती है। BCCI के सचिव जय शाह ने टाइम्स ऑफ इंडिया पर बताया “इस पूरे प्रोसेस को खुले तरीके से रखना जरूरी होगा। इसके जरिये जो भी कमाई होगी उसको भारतीय घरेलू क्रिकेट के कल्याण के लिए निवेश किया जायेगा।”

इस टेंडर को चार पैकेजों A, B,C,D में बांट दिया गया है। क्योंकि टेलीविजन राइट्स और डिजिटल राइट्स को अलग-अलग पार्टियों द्वारा एक ही समय में खेलों के एक छोटे समूह को प्रसारित करने की अनुमति दी जाएगी। वहीं भारत के अलावा दुनिया के अलग हिस्सों के लिए अलग पैकेज दिया गया है। भारत के बाहर के सभी पैकेजों के लिए एक अलग बोली आयोजित की जाएगी।

पैकेज की चार श्रेणियां 

(A) भारतीय उपमहाद्वीप के लिए टेलीविजन अधिकार

(B) डिजिटल अधिकार

(C) 18 मुकाबलों का अलग सेट (उद्घाटन खेल, प्लेऑफ खेल, डबल हेडर, और शाम के खेल)

(D) भारतीय उपमहाद्वीप के बाहर

इन चार पैकेजों के लिए आधार मूल्य 32,890 करोड़ रुपए रखा गया है। वहीं टेलीविजन अधिकारों के लिए BCCI द्वारा प्रति मैच आधार मूल्य 49 करोड़ रुपए रखा गया है जबकि डिजिटल अधिकारों के लिए ₹33 करोड़ रुपए, 18-मैचों के बंडल के लिए ₹16 करोड़ रुपए और भारत के बाहर के लिए ₹3 करोड़ रुपए की राशि रखी जाएगी।

बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा “सभी पैकेजों को इस तरह से बांटा गया है जहां यह अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करता है। इसको पूरी तरह से पारदर्शी रखा जायेगा।”

close whatsapp