IPL 2022: मुंबई इंडियंस ने चोटिल सूर्यकुमार यादव की जगह इस गेंदबाज को किया टीम में शामिल
आकाश माधवल 20 लाख रुपये की कीमत के साथ मुंबई की टीम में शामिल हुए हैं।
अद्यतन - मई 16, 2022 9:11 अपराह्न

मुंबई इंडियंस ने चोटिल सूर्यकुमार यादव की जगह आकाश माधवल को अपनी टीम में शामिल किया है। सूर्यकुमार पिछले सप्ताह बाएं हाथ की मांसपेशियों में लगी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज माधवल जिन्होंने 2019 में अपना डेब्यू किया था, वह घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हैं।
सूर्यकुमार यादव चोटिल होने की वजह से इस सीजन देरी से अपनी टीम के साथ जुड़े थे। लेकिन अब जिस तरह से सूर्यकुमार फिर से चोटिल हुए हैं ऐसे में उनका अगले महीने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी खेलना संदिग्ध माना जा रहा है।
इस सीजन मुंबई इंडियंस के लिए सूर्यकुमार यादव ने किया था शानदार प्रदर्शन
सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल के मौजूदा सीजन में कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने इस सीजन अपनी फ्रेंचाइजी के लिए 8 मैचों में 43 से अधिक की औसत से 303 रन बनाए थे। इस सीजन उनके नाम 3 अर्धशतक भी मौजूद है और उनका स्ट्राइक रेट लगभग 146 का रहा। वे टीम की ओर से सबसे अधिक रन बनाने के मामले में तीसरे नंबर पर थे। मुंबई के लिए आईपीएल 2022 में तिलक वर्मा ने सबसे अधिक 368 रन बनाए हैं वहीं ईशान किशन 327 रन के साथ रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं।
फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2022 में डेवाल्ड ब्रेविस, तिलक वर्मा, ऋतिक शौकीन, रमनदीप सिंह और स्टब्स जैसे खिलाड़ियों को डेब्यू करने का मौका दिया। सूर्यकुमार यादव के बाहर होने पर रमनदीप को टीम में शामिल किया गया। हालांकि मुंबई इंडियंस के पास इस सीजन खोने के लिए कुछ भी नहीं है, जिस वजह से टीम बचे हुए मुकाबलों के लिए माधवल को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकती है।
पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस को इस सीजन में अब तक खेले गए 12 मैचों में 9 में हार का सामना करना पड़ा है और टीम सिर्फ तीन ही मैचों में जीत दर्ज कर पाई है। मुंबई इंडियंस इस वक्त पॉइंट्स टेबल में छह अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है। मुंबई को अपने अगले दो मुकाबले सनराइजर्स हैदराबाद (17 मई) और दिल्ली कैपिटल्स (21 मई) के खिलाफ खेलना होगा।