नरेंद्र मोदी स्टेडियम ने इस उपलब्धि के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में बनाई जगह
आईपीएल 2022 का फाइनल गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया था।
अद्यतन - नवम्बर 28, 2022 1:49 अपराह्न

वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज करने की दुनिया की बेहद लोकप्रिय और प्रसिद्ध पुस्तक, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, में भारत के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम का नाम दर्ज किया है। दरअसल, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम ने 2022 आईपीएल फाइनल के दौरान अधिकतम दर्शकों की उपस्थिति के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बनाई है।
आपको बता दें, नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम, जिसे पहले मोटेरा स्टेडियम के नाम से जाना जाता था, की क्षमता 110,000 लोगों की है। यह दर्शकों की क्षमता के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है। इस स्टेडियम की क्षमता ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (1,00,024) से लगभग 10,000 अधिक है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बनाई
इस बीच, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने 27 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम के गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बनाने की उपलब्धि का खुलासा किया। उन्होंने इस अद्भुत उपलब्धि को हासिल करने में सक्षम होने के लिए भारतीय प्रशंसकों को श्रेय दिया।
जय शाह ने ट्विटर पर लिखा: “हमें टी-20 मैच में सबसे अधिक दर्शकों की उपस्थिति के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड पाकर बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है जब गुजरात क्रिकेट संघ के शानदार नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 101,566 लोगों ने शानदार IPL फाइनल देखा। इसे संभव बनाने के लिए हमारे प्रशंसकों को बहुत-बहुत धन्यवाद।”
Extremely delighted & proud to receive the Guinness World Record for the largest attendance at a T20 match when 101,566 people witnessed the epic @IPL final at @GCAMotera's magnificent Narendra Modi Stadium on 29 May 2022. A big thanks to our fans for making this possible! @BCCI https://t.co/JHilbDLSB2
— Jay Shah (@JayShah) November 27, 2022
जबकि बीसीसीआई ने ट्विटर पर कहा: “यह हर किसी के लिए एक गर्व का पल है, क्योंकि भारत ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में प्रवेश किया है। यह हमारे सभी प्रशंसकों के लिए उनके बेमिसाल जुनून और अटूट समर्थन के लिए है। गुजरात क्रिकेट संघ और आईपीएल को ढेर सारी बधाई।”
A proud moment for everyone as India creates the Guinness World Record. This one is for all our fans for their unmatched passion and unwavering support. Congratulations to @GCAMotera and @IPL pic.twitter.com/PPhalj4yjI
— BCCI (@BCCI) November 27, 2022
आपको बता दें, आईपीएल 2022 का फाइनल गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया था, जहां हार्दिक पांड्या ने GT को उनके डेब्यू सीजन में खिताब दिलाया था। गुजरात टाइटन्स ने फाइनल में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से मात देकर आईपीएल 2022 ट्रॉफी जीती थी।