Ashes 2023: माइकल वॉन ने फिर दिया विवादित बयान, ऑस्ट्रेलियाई टीम को बताया डरपोक!
माइकल वॉन ने कहा ऑस्ट्रेलिया कभी भी इस तरह नहीं खेलता।
अद्यतन - जुलाई 29, 2023 3:43 अपराह्न

ओवल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज (Ashes) 2023 का पांचवां टेस्ट मैच खेला जा रहा है, जहां दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई टीम 295 के स्कोर पर सिमट गई। और इंग्लैंड के ऊपर 12 रनों की मामूली सी बढ़त हासिल कर सकी। पहले दिन इंग्लैंड के अटैकिंग बल्लेबाजी को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने सावधानी से खेला। कंगारू बल्लेबाजों ने नियंत्रण और अनुशासन के साथ इंग्लिश गेंदबाजों का सामना किया।
इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वान ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि वे आमतौर पर एग्रेसिव और गेम आगे ले जाने के लिए खेलते हैं। लेकिन इस बार वे लंबे समय तक बल्लेबाजी के लिए गए, जबकि उन्हें गेंदबाजों पर दबाव बनाने की जरूरत थी।
वॉन ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की कड़ी आलोचना की
माइकल वॉन ने बीबीसी टेस्ट मैच स्पेशल के दौरान कहा, वे एशेज घर ले जा रहे हैं, लेकिन मैंने कभी भी ऑस्ट्रेलिया को इतने डर के साथ खेलते नहीं देखा। आमतौर पर वे एग्रेसिव होते हैं और खेल को आगे ले जाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने लंबे समय तक बल्लेबाजी की और गेंदबाजों पर दबाव बनाने की जरूरत नहीं समझी। आज सुबह मुझे लगा कि ऑस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी करते हुए देखने का यह सबसे बुरा अनुभव था। वे कभी भी इस तरह नहीं खेलते।
पांचवें टेस्ट मैच का हाल
मुकाबले की बात करें तो दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने सभी विकेट खोकर 295 रन बनाए और मेजबान टीम पर 12 रनों की बढ़त ली। टीम के लिए स्टीव स्मिथ ने 123 गेंदों में सबसे अधिक 71 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे। वहीं सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 47 रनों की पारी खेली।
इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए। जबकि स्टुअर्ट ब्रॉड, मार्क वुड और जो रूट ने 2-2 विकेट हासिल किए। जेम्स एंडरसन को 1 विकेट मिला। इससे पहले इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में हैरी ब्रूक के 85 रनों की मदद से 283 रनों का स्कोर खड़ा किया था।