‘शायद ही ऐसा कोई क्रिकेट प्रशंसक होगा जो यह नहीं चाहता कि न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान अपने मुकाबले जीते’: दीप दासगुप्ता
हर इंसान की दूसरी और तीसरी पसंदीदा टीम सेट होती है। पहला उनका खुद का देश होता है, वहीं सभी लोग अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड को बहुत पसंद करते हैं: दीप दासगुप्ता
अद्यतन - नवम्बर 1, 2022 1:51 अपराह्न

आज यानी 1 नवंबर को ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में दों मुकाबले खेले जाने हैं। पहला मुकाबले में अफगानिस्तान को श्रीलंका के हाथों 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी, जबकि दूसरा मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। बता दें, यह मैच जीतना दोनों ही टीमों के लिए जरूरी है, अगर उन्हें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करना है तो।
अगर न्यूज़ीलैंड इस मैच को जीत जाती है तो वो सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी वहीं इंग्लैंड के लिए भी इस मैच को जीतना बेहद जरूरी है। इसी के साथ भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर दीप दासगुप्ता ने कहा है कि अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड पूरी दुनिया के लोगों की पसंदीदा टीम है और कोई भी प्रशंसक यह नहीं चाहता कि यह दोनों टीमें मुकाबले हारे।
बता दें, न्यूजीलैंड ने अभी तक इस स्टेज में तीन मुकाबले खेले हैं जिसमें से 2 में उन्होंने जीत दर्ज की जबकि एक बारिश के चलते रद्द हो गया था, वहीं इंग्लैंड ने अभी तक तीन मुकाबलों में 1 में जीत एक में हार का सामना किया है। उनका एक मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था। वहीं अफगानिस्तान के चार में से दो मुकाबले बारिश के चलते रद्द हो गए थे और बचे हुए 2 मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
दीप दासगुप्ता ने अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड टीम को लेकर कही है बात
दीप दासगुप्ता ने क्रिक्ट्रैकर के शो रन की रननीति में कहा कि, ‘हर इंसान की दूसरी और तीसरी पसंदीदा टीम सेट होती है। पहला उनका खुद का देश होता है, वहीं सभी लोग अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड को बहुत पसंद करते हैं। ऐसा कोई भी नहीं है जो अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड को जीतते हुए नहीं देखना चाहता बस, उनकी टीम सामने ना खेल रही हो।
ऐसा इसलिए क्योंकि यह दोनों टीमें जब मैच खेलने के लिए मैदान पर उतरती है तब बाकी टीमों से काफी अलग हो जाती हैं। जब आप वेन्यू पर जाते हैं और अफगानिस्तान के प्रशंसकों को देखते हैं तब आप भी हैरान रह जाते हैं। दोनों ही टीमें सच में कमाल की है और आने वाले मुकाबलों में वो काफी अच्छा प्रदर्शन करेंगी।’
इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मुकाबले की बात की जाए तो इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला भी ब्रिस्बेन में खेला गया था और यह मैच भी इसी वेन्यू पर खेला जा रहा।