त्रिकोणीय सीरीज के पहले मुकाबले में मोहम्मद रिजवान की शानदार पारी के दम पर पाकिस्तान ने बांग्लादेश को दी 21 रनों से मात - क्रिकट्रैकर हिंदी

त्रिकोणीय सीरीज के पहले मुकाबले में मोहम्मद रिजवान की शानदार पारी के दम पर पाकिस्तान ने बांग्लादेश को दी 21 रनों से मात

मोहम्मद रिजवान ने शानदार नाबाद 78 रनों की पारी खेली।

Mohammad Rizwan (Photo Source: Twitter)
Mohammad Rizwan (Photo Source: Twitter)

न्यूजीलैंड की मेजबानी में 7 अक्टूबर से त्रिकोणीय सीरीज का आगाज देखने को मिला। जिसमें इस ट्राई सीरीज का पहला मैच पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीम के बीच में खेला गया और पाकिस्तानी टीम ने 21 रनों से जीत हासिल करने के साथ शानदार शुरुआत की। इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए थे, जिसमें मोहम्मद रिजवान की नाबाद 78 रन की पारी ने काफी अहम भूमिका अदा की।

वहीं इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम एक समय लिटन दास की शानदार बल्लेबाजी के चलते काफी मजबूत स्थिति में दिख रही थी। लेकिन अचानक जल्दी-जल्दी विकेट गंवाने की वजह से टीम की मैच में पकड़ पूरी तरह से कमजोर पड़ गई। बांग्लादेश 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 146 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब रही। पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद वसीम जूनियर ने 3 विकेट अपने नाम किए।

मोहम्मद रिजवान ने संभाला एक छोर और लगातार बरकरार रखी रनों की गति

बांग्लादेश ने इस मैच में टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद पाकिस्तान की तरफ से ओपनिंग में उतरे कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने पहले 6 ओवरों में टीम का स्कोर बिना किसी नुकसान के 43 रन बना दिए। इसके बाद पाकिस्तानी टीम को 52 के स्कोर पर पहला झटका कप्तान बाबर आजम के रूप में लगा जो 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से रिजवान को शान मसूद का साथ मिला दोनों ने मिलकर स्कोर को 94 तक काफी तेजी के साथ पहुंचा दिया।

शान मसूद 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे वहीं इसके बाद पाकिस्तानी पारी के एक छोर से विकेट जहां थोड़ा तेजी के साथ गिरते हुए देखने को मिले तो वहीं दूसरे छोर पर मोहम्मद रिजवान लगातार रनों की गति को बरकरार रखे हुए थे। जिससे 20 ओवरों के समाप्त होने पर पाकिस्तान की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 167 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। मोहम्मद रिजवान ने 50 गेंदों में नाबाद 78 रनों की पारी खेली। जबकि बांग्लादेश की तरफ से तस्कीन अहमद ने 2 विकेट हासिल किए।

लिटन दास और यासिर अली की पारियां गईं बेकार बांग्लादेश को मिली हार

168 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें टीम ने अपना पहला विकेट जहां 25 के स्कोर पर गंवा दिया वहीं 37 के स्कोर पर टीम को दूसरा झटका लगा। यहां से लिटन दास और आफिफ हुसैन के बीच में तीसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी देखने को मिली जिससे लगा कि बांग्लादेश की टीम इस मैच में वापसी करने के साथ जीत की तरफ भी अपने कदम बढ़ा रही है। लेकिन दास के 35 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटने के साथ बांग्लादेश की टीम पर दबाव एक बार फिर से दिखने लगा।

इसके बाद एक छोर से लगातार विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला जिससे बांग्लादेश की टीम लगातार मैच में पिछड़ते हुए देखने को मिली। यासिर अली ने जरूर 21 गेंदों में नाबाद 42 रनों की पारी खेली लेकिन बांग्लादेश की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 146 रन ही बनाने में सफल हो सकी। वहीं पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में मोहम्मद वसीम जूनियर ने 3 जबकि मोहम्मद नवाज ने 2 विकेट अपने नाम किए।

close whatsapp