36 सालों बाद नीदरलैंड का दौरा करेगा न्यूजीलैंड, कोच गैरी स्टीड ने जताया उत्साह
नीदरलैंड के दौरे को न्यूजीलैंड के कैलेंडर में जोड़ा गया है।
अद्यतन - अप्रैल 2, 2022 3:32 अपराह्न

न्यूजीलैंड 36 सालों बाद नीदरलैंड का दौरा करने जा रहा है। न्यूजीलैंड ने आखिरी बार साल 1986 में नीदरलैंड का दौरा किया था। उस दौरान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने मेजबान नीदरलैंड टीम के खिलाफ दो मैचों की वनडे सीरीज जीती थी। इस वनडे सीरीज का एक मुकबला बारिश के मत्थे चढ़ा था।
आपको बता दें, न्यूजीलैंड के कई अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी डच प्रीमियर लीग में खेल चुके हैं, जिसमें न्यूजीलैंड के वर्तमान मुख्य कोच गैरी स्टीड भी शामिल हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम वर्तमान में चल रही द्विपक्षीय सीरीज में नीदरलैंड की मेजबानी कर रही है, जिसमें तीन वनडे और एकल टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच शामिल हैं।
अब, पुष्टि की गई है कि नीदरलैंड इस साल अगस्त में न्यूजीलैंड की मेजबानी करेगा। आगामी आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 को ध्यान में रखते हुए, दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी। यह मुकाबले 4 और 6 अगस्त को हेग के वूरबर्ग क्रिकेट क्लब में खेले जाने हैं। नीदरलैंड का यह दौरा इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड की विदेशी सीरीज के अतिरिक्त है।
न्यूजीलैंड अगस्त में करेगा नीदरलैंड का दौरा
नीदरलैंड के मुख्य कोच रयान कैंपबेल ने ESPNCricinfo के हवाले से कहा, “दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सफेद गेंद वाली टीमों को खेलने का मौका हमेशा से इस टीम का लक्ष्य रहा है। अपने युवा खिलाड़ियों को उनके खिलाफ परखना, साथ ही अपने घरेलू प्रशंसकों के सामने अपने कौशल का प्रदर्शन करना बेहद रोमांचक है।”
उन्होंने कहा, “न्यूजीलैंड टीम का नीदरलैंड आना फिर से विश्व क्रिकेट में हमारे द्वारा बनाए जा रहे सम्मान को दर्शाती है और मुझे उम्मीद है कि सभी डच प्रशंसक सामने आएंगे और प्रतियोगिता का आनंद लेंगे।”
इस बीच, न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने कहा: “हम नीदरलैंड का दौरा करने के लिए वास्तव में उत्साहित हैं। एक पूर्ण सदस्य राष्ट्र के रूप में एसोसिएट टीमों के खिलाफ खेलना वास्तव में उन्हें बढ़ने में मदद करने का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, और यह विश्व क्रिकेट को दीर्घकालिक लाभ पहुंचा सकता है।”
ये है नीदरलैंड बनाम न्यूजीलैंड सीरीज का पूरा शेड्यूल –
4 अगस्त- पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच (द हेग के वूर बारिंग क्रिकेट क्लब)
6 अगस्त – दूसरा और अंतिम टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच (द हेग के वूर बारिंग क्रिकेट क्लब)