चैंपियंस ट्रॉफी से पहले कीवी टीम को लगा बड़ा झटका, सियर्स हुए चोटिल, इस खिलाड़ियों को किया गया शामिल
19 फरवरी से हो रही चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत।
अद्यतन - फरवरी 14, 2025 3:51 अपराह्न

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले न्यूजीलैंड की टीम पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के खिलाफ त्रिकोणीय वनडे सीरीज खेल रही है। इसी सीरीज के दौरान न्यूजीलैंड को एक बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज बेन सियर्स कीवी टीम से बाहर हो गए हैं। वनडे ट्राई सीरीज ही नहीं, बल्कि आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी से भी यह कीवी तेज गेंदबाज बाहर हो गया है।
चोट के कारण सियर्स को टीम से बाहर किया गया है, लेकिन न्यूजीलैंड के लिए अच्छी खबर यह है कि मैनेजमेंट ने सियर्स के रिप्लेसमेंट का ऐलान भी कर दिया है। सियर्स की जगह अब जैकब डफी न्यूजीलैंड के लिए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 खेलने वाले हैं। ऐसे में टीम में एक बदलाव देखने को मिला है। इसके अलावा अभी ट्राई सीरीज के दौरान फील्डिंग करते हुए चोटिल होने वाले बल्लेबाज रचिन रविंद्र भी अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं।
Rachin Ravindra के सिर पर लगी थी चोट
पाकिस्तान के खिलाफ वनडे मैच के दौरान रचिन रवींद्र के सिर पर आकर गेंद लगी थी और मैदान पर ही उनके माथे से खून टपकने लगा था। बाद में न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने जानकारी दी थी कि उनको कुछ टांके लगे हैं और वे चोट से चोट उबरने के बाद जल्द ही मैदान पर लौटेंगे। हालांकि, वे ट्राई सीरीज के फाइनल से भी बाहर हो गए हैं।
बोर्ड ने जानकारी देते हुए बताया है कि तेज गेंदबाज बेन सियर्स हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण पाकिस्तान में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। सियर्स को बुधवार को कराची में ट्रेनिंग के दौरान चोट लगी थी। स्कैन के नतीजों में मामूली चोट का पता चला है, जिसके कारण सियर्स दो सप्ताह तक मैदान से बाहर रहेंगे।
27 वर्षीय सियर्स के लिए यह सबसे बड़ा झटका है, जो हाल ही में घुटने की चोट से उबरकर लौटे हैं। न्यूजीलैंड की टीम में सियर्स की जगह रिजर्व खिलाड़ी जैकब डफी ने ले ली है।