AUS vs IND 2025: तीसरे टी20 मैच में क्यों नहीं खेल रहे संजू सैमसन? जानें यहाँ
यह मैच होबार्ट के बेलेरिव ओवल मैदान पर खेला जा रहा है
अद्यतन - Nov 2, 2025 3:22 pm

भारत के ऑस्ट्रेलियाई दौरे में खेली जा रही टी20आई श्रृंखला का आज, 2 नवंबर (रविवार) तीसरा मुकाबला है। ऑस्ट्रेलिया ने फिलहाल इस पाँच मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना रखी है। भारत को यदि यह श्रृंखला जीतनी है, तो उन्हें सीरीज के तीनों मुकाबलों में जीतना होगा।
तीसरे मुकाबले की बात की जाए तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी का फैसला किया। भारत ने अपनी टीम में तीन बदलाव किए जिसमें दो सबसे बड़े और अहम बदलाव थे हर्षित राणा की जगह अर्शदीप सिंह और संजू सैमसन के स्थान पर जितेश शर्मा को प्लेइंग XI में शामिल करना। वाशिंगटन सुंदर को कुलदीप यादव की जगह बतौर तीसरा बदलाव शामिल किया गया है।
भारत के लिए पावरप्ले में अर्शदीप ने आते ही दो बड़े विकेट लिए और टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में कामयाब रहे। परंतु टिम डेविड की मात्र 38 गेंदों में 74 रनों की विस्फोटक पारी ने ऑस्ट्रेलियाई टीम की पारी को स्थिरता प्रदान की। ऑस्ट्रेलिया 118 पर अपनी पाँच विकेटें गँवा चुकी है, परंतु उनकी पारी में अभी भी सात ओवर शेष हैं।
क्यों नहीं खेल रहे संजू सैमसन ?
भारतीय टीम ने तीसरे टी20आई मुकाबले में अपनी प्लेइंग XI में तीन बदलाव किए। इन में से एक था विकेटकीपर-बल्लेबाज़ संजू सैमसन के स्थान पर पंजाब के जितेश शर्मा को टीम में शामिल करना। कई भारतीय समर्थक इस फैसले से आश्चर्यचकित हैं, और उन्होंने इस फैसले पर सवाल भी उठाए हैं। टाॅस के समय कप्तान सूर्या ने कोई ठोस कारण तो नहीं बताया, बस कहा कि मैच में संजू की जगह जितेश खेल रहे हैं।
भारतीय टीम के नजरिए से बात की जाए तो संजू सैमसन को पिछले मुकाबले में तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने का अवसर भी दिया गया। परंतु वे इस मौके को भुना न सके और जल्द ही पवेलियन लौट गए। पिछले कुछ समय से उनका फॉर्म साधारण रहा है तथा गिल के टीम में आने के कारण उन्हें ओपनिंग स्लॉट से हटना पड़ा है, जिसके कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। 30 वर्षीय संजू, दूसरे टी20आई में चार गेंदों का सामना करते हुए केवल दो रन बना पाए, जिसके बाद वे नाथन एलिस के शिकार बने।
तीसरे मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग XI: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), टिम डेविड, मिशेल ओवेन, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू शॉर्ट, सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, मैथ्यू कुहनेमैन।