‘भारत-पाक मुकाबले में इस टीम की होगी जीत’- एशिया कप को लेकर सौरव गांगुली का बड़ा बयान
एशिया कप 2023 में 2 सितंबर को आमने-सामने होंगी भारत-पाक की टीमें।
अद्यतन - अगस्त 24, 2023 6:54 अपराह्न

आगामी एशिया कप 2023 में 2 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, न तो रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम और न ही बाबर आजम की अगुवाई वाली टीम इस मैच के लिए फेवरेट होगी। 51 वर्षीय सौरव गांगुली ने कहा कि दोनों टीमें समान रूप से अच्छी हैं और इसलिए, जो टीम उस दिन बेहतर क्रिकेट खेलेगी, वही जीतेगी।
गौरतलब है कि पाकिस्तान ने हाल के दिनों में भारत के लिए बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज शाहीन शाह अफरीदी के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रहे हैं। ऐसे में आगामी एशिया कप में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
दूसरी ओर, जब ये दोनों टीमें आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने हुई थीं तो भारत ने पाकिस्तान को हराया था। विराट कोहली ने पाकिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ जमकर रन बनाए थे और इस बार भी वो कुछ इसी तरह का प्रदर्शन करना चाहेंगे। ऐसे में सौरव गांगुली भी आगामी टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि वो विजेता का चयन नहीं कर सकते।
गांगुली ने कोलकाता में प्रेस से बात करते हुए कहा कि, “मेरे लिए मैच जीतने वाली पसंदीदा टीम का नाम बताना कठिन होगा। दोनों टीमें वास्तव में अच्छी हैं।’ पाकिस्तान के पास एक अच्छी टीम है, भारत भी वास्तव में ठोस है। जो भी अच्छा खेलेगा वह जीतेगा, मुझे नहीं लगता कि ऐसा कोई पसंदीदा है। जो भी अच्छा खेलेगा वह विजयी होगा।”
चयनकर्ताओं ने अक्षर पटेल को चुनकर सही काम किया: सौरव गांगुली
वेस्टइंडीज के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद, युजवेंद्र चहल एशिया कप के लिए टीम में जगह बनाने में नाकामयाब रहे। चयनकर्ताओं ने उनसे आगे अक्षर पटेल को प्राथमिकता दी है और इसको लेकर अब काफी चर्चा भी हो रही है। अक्षर की गेंदबाजी क्षमताएं रवींद्र जडेजा से काफी मिलती-जुलती हैं और कई लोगों का मानना था कि टीम में एक जैसे स्किल वाले दो खिलाड़ियों की जरूरत नहीं थी। हालांकि, गांगुली ने अक्षर के चयन का बचाव करते हुए कहा कि वह चहल से बेहतर बल्लेबाज हैं और इसलिए उन्हें टीम में जगह मिली।