SA20 2026: डरबन सुपर जायंट्स में हुई नूर अहमद की वापसी, केन विलियमसन को भी मिली अहम जिम्मेदारी
नूर अहमद की वापसी से डरबन सुपर जायंट्स की स्पिन गेंदबाजी को मिलेगी मजबूती
अद्यतन - नवम्बर 26, 2026 7:24 अपराह्न

दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग SA20 के आगामी सीजन से पहले डरबन सुपर जायंट्स (DSG) ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। फ्रेंचाइजी ने अफगानिस्तान के युवा स्पिन गेंदबाज नूर अहमद को टीम में शामिल किया है। वह पांचवें सीजन में टीम का हिस्सा होंगे। उन्हें न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज केन विलियमसन की जगह टीम में शामिल किया गया है।
दरअसल, 36 वर्षीय केन विलियमसन ने अब खिलाड़ी के तौर पर अपनी भूमिका छोड़कर फ्रेंचाइजी के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाल ली है। ऐसे में टीम ने उनकी जगह नूर अहमद को विदेशी खिलाड़ी के रूप में चुना है।
SA20 में पहले भी खेल चुके हैं नूर अहमद
21 वर्षीय नूर अहमद की डरबन सुपर जायंट्स में वापसी हुई है। वह इससे पहले भी फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं। SA20 में उनके प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक 30 विकेट अपने नाम किए हैं। साल 2025 के सीजन में वह टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। उस दौरान उन्होंने 13 विकेट हासिल किए थे और उनका गेंदबाजी औसत 17.53 रहा था।
इसके अलावा नूर अहमद 2026 में द हंड्रेड का खिताब जीतने वाली मैनचेस्टर सुपर जायंट्स टीम का भी हिस्सा थे। इस उपलब्धि के बाद उनका आत्मविश्वास और बढ़ा होगा।
स्पिन गेंदबाजी को मिलेगी मजबूती
नूर अहमद के आने से डरबन सुपर जायंट्स की स्पिन गेंदबाजी और मजबूत होगी। टीम में पहले से ही सुनील नरेन और साइमन हार्मर जैसे अनुभवी स्पिन गेंदबाज मौजूद हैं। नूर की बाएं हाथ की कलाई से की जाने वाली स्पिन गेंदबाजी टीम को एक अलग विकल्प देगी।
पिछले सीजन में डरबन सुपर जायंट्स का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। टीम 10 मुकाबलों में सिर्फ तीन जीत के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रही थी। ऐसे में फ्रेंचाइजी इस बार बेहतर प्रदर्शन करने और खिताब की दौड़ में आगे बढ़ने की कोशिश करेगी।
ये भी पढ़ें – NZ vs IND: दूसरे टेस्ट मैच में इन 3 बल्लेबाजों पर रहेगी फैंस की नजर