NZ vs SA: रन चेज में बुरी तरह फेल हो रहे हैं कीवी बल्लेबाज… रचिन-मिचेल हुए फ्लॉप, आधी टीम लौटी पवेलियन
वनडे वर्ल्ड कप 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने 90 के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए हैं।
अद्यतन - Nov 1, 2023 8:02 pm

NZ vs SA: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 32वां मुकाबला दक्षिण अफ्रीका (South Africa) और न्यूजीलैंड (New Zealand) के बीच 1 नवंबर को पुणे में खेला जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 357 रन बोर्ड पर लगाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को पहला झटका तीसरे ओवर में मार्को यान्सिन ने दिया।
डेवोन कॉनवे मात्र 2 रन पर पवेलियन लौट गए। पहले झटके के बाद टीम के बाकी टॉप ऑर्डर बल्लेबाज विल यंग, रचिन रवींद्र, कप्तान टॉम लैथम, और डेरिल मिचेल ने भी अपना विकेट गंवा दिया है। न्यूजीलैंड ने मात्र 90 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा दिए हैं, कीवी टीम इस वक्त काफी ज्यादा मुसीबत में हैं।
NZ vs SA: रन चेज में मुसीबत में है न्यूजीलैंड की टीम
NZ vs SA: डेवोन कॉनवे के विकेट गिरने के बाद रचिन रवींद्र और विल यंग के बीच साझेदारी पनपते हुए नजर आ रही थी। लेकिन पिछले मैच में शतक जमाने वाले रचिन रवींद्र 16 गेंदों में 9 रन बनाकर मार्को यान्सिन के शिकार बन गए। फिर 11वें ओवर में विल यंग गेराल्ड कोएत्जी के खिलाफ विकेट गंवा बैठे। विल यंग डिफेंड करना चाहते थे लेकिन आउटसाइड एज लगा और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक ने शानदार कैच लपक लिया।
विल यंग 37 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 33 रन की पारी खेल पाए। न्यूजीलैंड ने 56 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। लेकिन फिर कप्तान टॉम लैथम भी साउथ अफ्रीका की शानदार गेंदबाजी के शिकार बन गए। न्यूजीलैंड की पारी का 16वां ओवर कगिसो रबाडा डाल रहे थे।
टॉम लैथम ने गेंद को खेला लेकिन कवर पर तैनात केशव महाराज ने शानदार कैच पकड़ लिया और कीवी कप्तान को पवेलियन भेज दिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टॉम लैथम 15 गेंदों में मात्र 4 रन बना पाए। डेरिल मिचेल से बड़ी उम्मीद थी लेकिन वह 19वें ओवर में केशव महाराज के हाथों 24 रन पर पवेलियन लौट गए।