दिलीप वेंगसरकर ने बताया क्यों दक्षिण अफ्रीका सीरीज में उमरान मलिक को दिया जाना चाहिए मौका? - क्रिकट्रैकर हिंदी

दिलीप वेंगसरकर ने बताया क्यों दक्षिण अफ्रीका सीरीज में उमरान मलिक को दिया जाना चाहिए मौका?

क्या उमरान मलिक लंबे समय तक भारत के लिए खेल पाएंगे?

Dilip Vengsarkar and Umran Malik (Image Source: YouTube/BCCI)
Dilip Vengsarkar and Umran Malik (Image Source: YouTube/BCCI)

पूर्व भारतीय कप्तान और मुख्य चयनकर्ता दिलीप वेंगसरकर का मानना है कि युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 22-वर्षीय तेज गेंदबाज को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है, लेकिन उन्हें अब तक डेब्यू का मौका नहीं दिया गया।

आपको बता दें, भारतीय टीम को पहले दो मैचों में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुंह की खानी पड़ी है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने पहले दो मैच जीतकर पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है। उमरान मलिक ने आईपीएल 2022 (IPL 2022) में अपनी तूफानी गेंदबाजी से खूब सुर्खियां बटोरी।

उमरान मलिक को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलने का मौका दिया जाना चाहिए: दिलीप वेंगसरकर

जम्मू और कश्मीर के इस युवा गेंदबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए हाल ही में संपन्न हुए आईपीएल 2022 (IPL 2022) में तूफानी गेंदबाजी करते हुए 14 मैचों में 22 विकेट लिए। उन्होंने लगभग हर मैच में लगातार 150 किमी प्रति घंटे से भी तेज रफ्तार से गेंदबाजी की, जिसके बदौलत उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया, और अब पूर्व कप्तान चाहते हैं कि युवा गेंदबाज को अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को साबित करने का मौका दिया जाए।

दिलीप वेंगसरकर ने खलीज टाइम्स के हवाले से कहा: “मुझे पता है खेल को लेकर हर किसी का नजरिया अलग होता है, लेकिन मुझे लगता है कि जिस तरह उमरान ने आईपीएल 2022 में तेज गति और सटीकता से गेंदबाजी की, जिसे देखते हुए उसे भारत के लिए खेलने का मौका दिया जाना चाहिए। मुझे लगता है कि वह भारत  के लिए खेलने का हकदार है। इसके अलावा, अगर वह सरजमीं पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलता हैं, तो हमें उसे परखने में आसानी होगी, और मुझे लगता है कि उमरान को परखने के लिए यही सही समय है।”

पूर्व भारतीय कप्तान ने अंत में कहा: “मुझे लगता है कि उमरान मलिक सबसे रोमांचक प्रतिभाओं में से एक है, जिसे मैंने पिछले 10 वर्षों में देखा है। मुझे उम्मीद है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतरीन प्रदर्शन करेगा, क्योंकि वह काफी फिट दिखता है, और उसके पास गति और सटीकता के साथ-साथ एक तेज गेंदबाज के पास जैसी आक्रामकता होनी चाहिए, वह भी उसके पास है। मुझे लगता वह लंबे समय तक भारत के लिए खेल सकता है।”

close whatsapp