OTD in 1968: आज ही के दिन Sir Garfield Sobers बने थे एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज
वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गैरी सोबर्स ने 31 अगस्त, 1968 में एक ओवर में 6 छक्के लगाकर इतिहास रचा था।
अद्यतन - Aug 31, 2024 4:03 pm

क्रिकेट के खेल में आए दिन कुछ न कुछ रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं। क्रिकेट के इतिहास में कुछ ऐसे प्रदर्शन हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता और वो कुछ तीन ऐतिहासिक प्रदर्शन हैं- 1994 में एजबेस्टन में ब्रायन लारा के नाबाद 501 रन, 1956 में ओल्ड ट्रैफर्ड में जिम लेकर के 19 गेंदों में 90 रन और 1968 में स्वानसी में सर गारफील्ड सोबर्स (Sir Garfield Sobers) के एक ओवर में छह छक्के।
वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गैरी सोबर्स ने 31 अगस्त, 1968 में एक ओवर में 6 छक्के लगाकर इतिहास रचा था। उन्होंने यह कारनामा किस मैच और किस गेंदबाज के खिलाफ किया था। आइए आपको बताते हैं-
नॉटिंघमशायर के 5 विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे थे सर गारफील्ड सोबर्स
इंग्लिश काउंटी चैंपियनशिप में ग्लैमरगन के खिलाफ मैच में सर गारफील्ड सोबर्स (Sir Garfield Sobers) ने एक ओवर में 6 छक्के लगाए थे। तब फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में ऐसा पहली बार देखने को मिला था। मुकाबले में ओपनर ब्रायन बोलस और बॉब व्हाइट ने 126 रनों की साझेदारी निभाकर नॉटिंघमशायर को शानदार शुरुआत दिलाई थी, उसके बाद ग्राहम फ्रॉस्ट ने 50 रन बनाए।
ग्लैमरगन के गेंदबाज मैल्कम नैश फिर अटैक करते हुए नजर आए, उन्होंने बलोस, फ्रॉस्ट और विकेटकीपर डेरिक मरे को आउट कर टीम को वापसी दिलाई। नॉटिंघमशायर 308 के स्कोर पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, जब कप्तान गैरी सोबर्स बल्लेबाजी करने के लिए मैदान में आए।
स्कोर 358/5 था, जब सोबर्स 40 रन पर नाबाद क्रीज पर मौजूद थे। ग्लैमरगन के कप्तान टोनी लुईस ने फिर गेंदबाज मैल्कम नैश को गैरी सोबर्स के खिलाफ स्पिन गेंदबाजी करने के लिए कहा। नैश, आमतौर पर मीडियम पेस से गेंदबाजी करते थे। सर गैरी सोबर्स के इरादे कुछ और ही थे और उन्होंने नैश द्वारा फेंकी गई 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़ दिए।
कुछ इस तरह सर गैरी सोबर्स ने जड़े 6 छक्के
ओवर की पहली गेंद पर सर गारफील्ड सोबर्स (Sir Garfield Sobers) ने लॉन्ग-ऑन की ओर छक्का मारा था। दूसरी गेंद छोड़ी छोटी थी, लेकिन उन्होंने अपनी ताकत लगातर इसे डीप स्क्वायर लेग की ओर मारा। तीसरी गेंद पर फिर डाउन द ग्राउंड जाकर सोबर्स ने क्लासिक छक्का जड़ा। सोबर्स ने फिर चोथी गेंद को स्क्वायर लेग पर भेजकर छक्का पूरा किया।
मैल्कम नैश को लग रहा था कि सोबर्स एक गलती जरूर करेंगे और पांचवीं गेंद पर वही हुआ। रोजर डेविस ने लॉन्ग-ऑन पर कैच पकड़ लिया, लेकिन वह गेंद को अपने हाथों में लेकर बाउंड्री रोप के पार गिर गए। और फिर अंपायर ने छक्का करार दिया। सर गैरी सोबर्स द्वारा लगाया गया ओवर का आखिरी छक्का ग्राउंड के बाहर जाकर बस स्टॉप पर पहुंचा था।
नई गेंद लाने में समय लग रहा था जिसके चलते सर गैरी सोबर्स जो 76 रन पर नाबाद थे, उन्होंने पारी घोषित करने का फैसला किया। नॉटिंघमशायर ने उस मैच में 166 रनों से जीत हासिल की थी।
1968 के बाद से रवि शास्त्री (रणजी ट्रॉफी, 1985), हर्शल गिब्स (वनडे वर्ल्ड कप, 2007), युवराज सिंह (टी20 वर्ल्ड कप, 2007) और रॉस व्हाइटली (टी20 ब्लास्ट) ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में 6 छक्के लगाए हैं।